रोहित और गिल ने दी शानदार शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पावरप्ले में 75 रन जोड़ दिए। इसके बाद भी दोनों जमे रहे और पहले विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की। शुभमन गिल 70 रन बनाने के बाद आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा भी 83 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर आए विराट ने एक छोर संभाला, लेकिन दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। श्रेयस अय्यर 28, लोकेश राहुल 39 और हार्दिक पांड्या 14 रन बनाकर आउट हुए। टी20 में बल्ले के साथ कमाल करने वाले अक्षर पटेल भी नौ रन बनाकर आउट हो गए।
विराट का शानदार शतक
20वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की और 87 गेंद में 113 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और एक छक्का निकला। कोहली जब बल्लेबाजी के लिए आए थे तब भारत का स्कोर 143 रन था। वहीं, जब कोहली पवेलियन गए तो भारतीय टीम 364 रन बना चुकी थी। कोहली ने इस मैच में अपने वनडे करियर का 45वां शतक पूरा किया। वनडे में यह उनका लगातार दूसरा शतक था। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ भी उन्होंने शतकीय पारी खेली थी।
400 रन बनाने से चूका भारत
भारत ने इस मैच में शानदार शुरुआत की थी और एक समय पर ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया 400 से ज्यादा का स्कोर बनाएगी। भारत ने 44 ओवर में चार विकेट पर 329 रन बना लिए थे। विराट और हार्दिक क्रीज पर थे। ऐसे में भारत के लिए 400 का स्कोर बहुत मुश्किल नहीं था, लेकिन हार्दिक, अक्षर और अंत में विराट भी गलत समय पर आउट हो गए। मैच की आखिरी 10 गेंदें शमी और सिराज ने खेलीं। इसी वजह से भारतीय टीम 400 का स्कोर नहीं बना सकी।
इस मैच में श्रीलंका के सभी गेंदबाज बेअसर साबित हुए। कसून रजिता को तीन विकेट जरूर मिले, लेकिन उन्होंने 10 ओवर में 88 रन लुटा दिए। उनके अलावा मदुशंका, करुणारत्ने, शनाका और धनंजय डीसिल्वा को एक-एक विकेट मिला, लेकिन सभी श्रीलंकाई गेंदबाजों का इकोनॉमी रेट छह से ज्यादा रहा।