भारत ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हरा दिया। तिरुवनन्तपुरम में खेले गए इस मुकाबले को अपने नाम कर टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत की इस जीत के हीरो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह रहे। उन्होंने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अर्शदीप ने मैच के बाद अपनी सफलता का राज खोला।
पहली बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले अर्शदीप ने सफलता का श्रेय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ या कप्तान रोहित शर्मा को नहीं दिया। उन्होंने बीसीसीआई टीवी को दिए इंटरव्यू में कहा कि उनकी गेंदबाजी को सुधारने में कोच पारस म्हाम्ब्रे का काफी योगदान है। पारस टीम इंडिया के गेंदबाजी हैं। मैच के बाद बीसीसीआई टीवी के लिए उन्होंने ही अर्शदीप का इंटरव्यू लिया।
पारस ने पूछा, ''आपका शानदार प्रदर्शन रहा। अपनी तैयारियों के बारे में बताइए। आपने पिछली सीरीज में आराम किया था। नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में आपने किस तरह तैयारियां की?'' इस सवाल पर अर्शदीप ने कहा- मैंने वहां पर स्ट्रेंथ और फिटनेस पर काम किया। यही आपने भी कहा था। मैं अब तरोताजा महसूस कर रहा हूं। इसका श्रेय आपको जाता है।
भारतीय गेंदबाजों ने मैच शुरू होने के 15 गेंदों के अंदर दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम को पवेलियन भेजा दिया। भारत ने इस मैच में सिर्फ नौ रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका के पांच विकेट गिरा दिए थे। दक्षिण अफ्रीका के शुरुआती छह बल्लेबाजों में सिर्फ एडेन मार्करम ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। उन्होंने 25 रन बनाए। उनके अलावा बाकी पांच बल्लेबाजों ने मिलकर 11 गेंदें खेली और सिर्फ एक रन बनाया। क्विटंन डीकॉक ने एक रन की पारी खेली।
तेम्बा बावुमा, राईली रूसो, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स खाता खोले बिना आउट हो गए। इनमें से सिर्फ बावुमा ही चार गेंद खेल पाए। बाकी तीन बल्लेबाज पहली गेंद पर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 108 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 16.4 ओवर में दो विकेट पर 110 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। उसके लिए केएल राहुल ने नाबाद 51 और सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 50 रन बनाए। रोहित शर्मा खाता नहीं खोल सके। विराट कोहली ने तीन रन ही बनाए।