जीरो पर आउट होने के बाद पवेलियन लौटते ऋषभ पंत
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा है कि भारत के विकेकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से उनके शॉट चयन को लेकर बात करने की जरूरत है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में की दूसरी पारी में पंत खराब शॉट खेलकर आउट हुए थे और भारत यह मैच सात विकेट से हार गया। इसके बाद द्रविड़ ने पंत के शॉट चयन पर सवाल खड़े किए हैं। इस मैच की दूसरी पारी में भारत को बड़े स्कोर की जरूरत थी और पंत से टीम इंडिया को काफी उम्मीदें थीं। हालांकि उन्होंने अपनी टीम को निराश किया और सिर्फ तीसरी ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए।
पंत के खराब शॉट पर द्रविड़ ने कहा "हमें जानते हैं कि पंत एक सकारात्मक सोच वाले बल्लेबाज हैं और उन्होंने इसी तरीके से बल्लेबाजी की है और सफलता हासिल की है। लेकिन हां हर शॉट खेलने का सही समय होता है। हम उनसे इस बारे में बात करेंगे। आपको पता होता है कि कौन सा शॉट कब खेलना है। कोई पंत से यह नहीं कहने वाला कि वो सकारात्मक या आक्रामक बल्लेबाजी न करें। कई ऐसा करने के लिए सही समय चुनना पड़ता है।"
शुरुआत में खुद को समय देना बेहतर
द्रविड़ ने बताया कि "जब आप क्रीज पर नए-नए आए हैं तो खुद को ज्यादा से ज्यादा समय देना बेहतर होता है। हमें पता है कि पंत से हमें क्या मिल रहा है। वो बहुत ही सकारात्मक खिलाड़ी हैं। वो एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो हमारे लिए मैच पलट सकते हैं। इसलिए हम उनसे यह नहीं छीनेंगे और उन्हें बहुत ही अलग खिलाड़ी बनने के लिए नहीं कहेंगे। आक्रमण करने का सही समय क्या है यह पता करना बेहद जरूरी है। वो सीख रहे हैं। वो अलग तरीके से खेलते हैं, लेकिन वो सीखते रहेंगे।"
अफ्रीका ने जाल बिछाकर पंत को फंसाया
इस मैच में तीसरे दिन ऋषभ पंत भारत की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए आए तो अफ्रीकी टीम पहले से ही उनके खिलाफ तैयारी करके आई थी। दक्षिण अफ्रीका के वान डर डुसें ने पंत के ऊपर टिप्पणी की और उन्हें उस कैच की याद दिलाई, जिसमें यह साफ नहीं था कि गेंद जमीन पर लगकर पंत के दस्तानों में गई है या यह कैच साफ है। पंत ने भी इसका जवाब दिया। इसके बाद रबाडा ने अगली गेंद बाउंसर फेंकी और पंत को उकसाया। ऋषभ पंत अफ्रीकी टीम के जाल में फंस गए और तीसरी गेंद पर उन्होंने आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश की। रबाडा इसी के इंतजार में थे। उन्होंने गेंद पंत से दूर रखी और पंत के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए गेंद विकेटकीपर के दस्तानों में चली गई।
एल्गर से आप जीत की श्रेय नहीं छीन सकते
इस मैच की दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने नाबाद 96 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। इस पर द्रविड़ ने कहा कि मैच के चौथे दिन जब भारत गेंदबाजी के लिए उतरा तो उन्हें पता था कि यह मैच जीतने के लिए कुछ खास करना होगा। गीली आउटफील्ड के कारण गेंद भी गीली हो गई थी और स्विंग नहीं हो रही थी। वहीं एल्गर ने बहुत ही बेहतरीन बल्लेबाजी की और मुश्किल समय में भी क्रीज पर जमे रहे। भारतीय गेंदबाजों ने कई बार उन्हें छकाया, लेकिन किस्मत उनके साथ थी। वो लड़ते रहे और जीत का श्रेय उनसे नहीं छीना जा सकता।