तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा (5/44) की बेहतरीन गेंदबाजी और पिच पर अतिरिक्त उछाल के आगे भारतीय बल्लेबाज जहां संघर्ष कर रहे थे, वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया और उन्होंने लड़खड़ाती पारी के बीच भारत को संभाल लिया। राहुल ने अपने टेस्ट कॅरिअर का 14वां अर्धशतक लगाते हुए टीम के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने की उम्मीदों को कायम रखा है। तीसरे सत्र में बारिश के चलते मैच को रोक दिया गया। फिर पहले दिन का खेल खत्म कर दिया। भारत ने 59 ओवर में आठ विकेट पर 208 रन बना लिए हैं। राहुल 70 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि उनका साथ मोहम्मद सिराज (नाबाद 00) दे रहे थे।
राहुल ने 2021 में बॉक्सिंग डे टेस्ट में शतक लगाया था। सेंचुरियन टेस्ट में केएल राहुल ने 123 रन की शानदार पारी खेली थी और मैन ऑफ द मैच रहे थे। भारत यह मैच जीता था। वह फिर से बॉक्सिंग डे टेस्ट में शतक लगाने के करीब हैं। अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो सचिन तेंदुलकर और अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ियों के क्लब में शामिल होंगे, जो बॉक्सिंग डे टेस्ट में एक से ज्यादा शतक लगा चुके हैं।
कगिसो रबाडा इस मैच में पांच विकेट झटक चुके हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 14वीं बार यह कारनामा किया है। इसके साथ ही वह 500 विकेट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे कर चुके हैं।
सस्ते में पवेलियन लौटा शीर्ष क्रम, 24 पर गिरे 3 विकेट
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेंबा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनके गेंदबाजों ने इसे सही साबित कर दिया। कप्तान रोहित शर्मा (05) पुल शॉट के चक्कर में रबादा की गेंद पर बर्गर को कैच दे बैठे। 10 टेस्ट पारियों में रबादा ने छह बार रोहित को पवेलियन की राह दिखाई है। एक छोर से युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (17) अपने शॉट खेल रहे थे, लेकिन वह टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर रहे नांद्रे बर्गर की गेंद पर कैच आउट हो गए। फिर उन्होंने शुभमन गिल (02) को भी कैच आउट कर दिया और भारत के 24 रन पर तीन विकेट गिर गए।
कोहली-श्रेयस को मिला जीवनदान
मेजबान टीम ने खराब फील्डिंग की जिसके चलते विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को जीवनदान मिल गया। दोनों ही बल्लेबाजों के चार रन के निजी स्कोर पर कैच टपका दिए गए और इसके बाद दोनों ने चौथे विकेट के लिए 68 रन की अर्धशतकीय साझेदारी कर डाली। कोहली संभलकर खेल रहे थे और उन्होंने बर्गर के ओवर में दो चौके भी लगाए। भोजनकाल तक भारत ने 26 ओवर में तीन विकेट खोकर 91 रन बनाए।
शार्दुल और राहुल की 43 रन की उपयोगी साझेदारी
दूसरे सत्र में रबादा की गेंदबाजी में और धार देखने को मिली। उन्होंने इस सत्र में अपना पहला विकेट श्रेयस अय्यर (31) को बोल्ड करके लिया और उनकी कोहली के साथ पनप रही साझेदारी का अंत किया। इस बीच, उन्होंने कोहली को भी लंबा खेलने नहीं दिया और 38 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट कराकर टीम को बड़ा विकेट दिलाया। इस बीच, अश्विन (8) भी रबादा की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद राहुल ने शार्दुल के साथ उपयोगी साझेदारी निभाई। शार्दुल ने रबादा की गेंद पर चौका लगाकर उन्हें दबाव में लाने की कोशिश की। वहीं, राहुल ने जेनसेन के ओवर में दो चौके लगाकर स्कोर को चलाना जारी रखा। इस दौरान, एक बार गेंद शार्दुल के हेलमेट पर लगी तो फिर उनके हाथ पर भी लगी। लेकिन शार्दुल (24) के पास रबादा की गेंदों का कोई तोड़ नहीं था और वह एल्गर को कैच दे बैठे। राहुल और शार्दुल ने सातवें विकेट के लिए 43 रन की उपयोगी साझेदारी की। रबादा ने अपने पांच विकेट पूरे किए जो टेस्ट में उन्होंने 14वीं बार ऐसा किया है। चायकाल तक भारत ने दूसरे सत्र में 85 रन बनाए जबकि दक्षिण अफ्रीका चार विकेट लेने में सफल रहा।
छक्के के साथ राहुल का पचासा
राहुल ने बर्गर के ओवर में अंतिम दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़ दिया। छक्के साथ उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान जेनसेन ने बुमराह को बोल्ड कर दिया। इस सत्र में भारत ने एक विकेट खोकर 32 रन बनाए।