मार्नस लाबुशाने की नाबाद 44 रन की जुझारू पारी से ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के वर्षा से प्रभावित पहले दिन तीन विकेट पर 187 रन बनाए। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने आसमान में छाए बादलों के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने के बावजूद मेहमान टीम दबदबा बनाने में नाकाम रही। दिन का खेल खत्म होने पर ट्रेविस हेड नौ रन बनाकर लाबुशाने का साथ निभा रहे थे।
वॉर्नर-ख्वाजा की 90 रन की साझेदारी
उस्मान ख्वाजा (42 रन) और डेविड वॉर्नर (38 रन) ने गेंदबाजों को मिल रही मदद के बीच पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़कर पाकिस्तान की शुरुआती सफलता हासिल करने की उम्मीदों को तोड़ा। अपनी अंतिम टेस्ट सीरीज खेल रहे वॉर्नर ने स्पिनर आगा सलमान के लंच से पहले के आखिरी ओवर में स्लिप में बाबर आजम को कैच थमाया। पर्थ में पहले टेस्ट में 164 रन की पारी खेलने वाले वॉर्नर दो रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब शाहीन शाह आफरीदी के पारी के तीसरे ओवर में अब्दुल्ला शफीक ने स्लिप में उनका कैच टपका दिया। लंच के समय 36 रन बनाकर नाबाद ख्वाजा दूसरे सत्र में छह और रन जोड़कर हसन अली की गेंद को दूसरी स्लिप में सलमान के हाथों में खेल गए जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 108 रन हो गया। ख्वाजा 2023 में 55.00 की औसत से 1210 रन बनाकर मौजूदा साल में टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
तीन घंटे खेल बाधित
बारिश के कारण चाय का विश्राम निर्धारित समय से पहले लेना पड़ा जब ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 114 रन बनाए थे। लगभग तीन घंटे बाद खेल दोबारा शुरू हुआ। आफरीदी ने 19 रन के स्कोर पर स्टीव स्मिथ को पगबाधा किया लेकिन डीआरएस का सहारा लेने पर दिखा कि गेंद विकेटों से नहीं टकराती और तीसरे अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया। स्मिथ हालांकि 26 रन के निजी स्कोर पर आमिर जमाल की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे लेकिन मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। पाकिस्तान के डीआरएस लेने पर हालांकि स्मिथ को पवेलियन लौटना पड़ा। स्मिथ ने 75 गेंद की अपनी पारी में दो चौके मारे और लाबुशाने के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े।