साई सुदर्शन को वनडे टीम में शामिल किया गया है
- फोटो : अमर उजाला
पिछले महीने में जब चयनकर्ताओंं ने दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम का एलान किया था, तो शायद ही किसी ने सोचा होगा कि तमिलनाडु के 22 साल के साई सुदर्शन वनडे टीम में चुने जाएंगे। सुदर्शन का शामिल होना एक चौंकाने वाला फैसला था और वह तीनों टीमों को देखा जाए तो एकमात्र नया चेहरा थे, क्योंकि बाकी खिलाड़ी किसी न किसी फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं। रजत पाटीदार डेब्यू नहीं कर सके हैं, लेकिन उन्हें पहले भी वनडे टीम में चुना जा चुका है। सुदर्शन का चयन घरेलू क्रिकेट में उनकी ठोस बल्लेबाजी को देखकर हुआ है। इस बल्लेबाज ने अपनी सूझबूझ से सभी को प्रभावित किया है। 22 साल की उम्र में वह कई बार परिपक्वता दिखा चुके हैं। सुदर्शन ने अपने चयन को सही साबित किया और डेब्यू मैच में नाबाद 55 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। उन्होंने मजबूत डिफेंस के साथ-साथ आक्रमकता भी दिखाई। सुदर्शन ने नौ चौके लगाए।
साई सुदर्शन
- फोटो : IPL/BCCI
साई सुदर्शन का शानदार प्रदर्शन
शुभमन गिल को वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया था। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे थे कि वनडे में ऋतुराज गायकवाड़ के साथ साई सुदर्शन या रजत पाटीदार ओपनिंग करते दिखेंगे। रजत को एक बार फिर बेंच पर ही रखा गया। वहीं, सुदर्शन प्लेइंग-11 में जगह बनाने में कामयाब रहे। सुदर्शन को मौका ऐसे ही नहीं मिला है। यह उनकी पिछले काफी समय की मेहनत और कठिन परिश्रम का नतीजा है। 22 साल की उम्र में ही इस खिलाड़ी ने अपनी तकनीक और टेम्परामेंट का लोहा मनवाया है। आईपीएल हो या तमिलनाडु प्रीमियर लीग या फिर घरेलू टूर्नामेंट सुदर्शन ने हर टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है।
बल्लेबाजी के दौरान साई सुदर्शन
- फोटो : IPL/BCCI
गुजरात टाइटंस के लिए शानदार प्रदर्शन
सुदर्शन सबसे पहली बार 2022 आईपीएल के दौरान चर्चा में आए थे। उस सीजन उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए सिर्फ पांच मैच खेले थे, लेकिन 36.25 की औसत और 127.19 के स्ट्राइक रेट से 145 रन बनाए थे। इसमें एक अर्धशतक शामिल था। ऐसे में गुजरात ने उन्हें रिटेन किया था और 2023 में भी उनका शानदार फॉर्म जारी रहा। 2023 आईपीएल में उन्होंने आठ मैचों में 51.71 की बेहतरीन औसत और 141.40 के शानदार स्ट्राइक रेट से 362 रन बनाए। इनमें तीन अर्धशतक शामिल रहा। आईपीएल 2023 के फाइनल में कठिन परिस्थितियों में सुदर्शन ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 96 रन की पारी खेली थी और अपनी टीम को अच्छे टोटल तक पहुंचाया था। हालांकि, उनकी टीम फाइनल नहीं जीत सकी थी, लेकिन सुदर्शन ने सभी का दिल जरूर जीता था।
साई सुदर्शन
- फोटो : IPL/BCCI
सुदर्शन की बैटिंग स्टाइल शानदार
सुदर्शन की खास बात यह है कि वह आज कल के स्टाइल वाले बल्लेबाज नहीं हैं, जिनके पास अनऑर्थोडॉक्स शॉट हों। वह पुराने समय के बल्लेबाजों की तरह हैं, जो क्लासिक शॉट्स से रन बटोरने में विश्वास रखते हैं। शुरू में सुदर्शन अपनी पारी को जमाने में समय लेते हैं और एक बार पिच को पढ़ने के बाद खुलकर अपने शॉट्स लगाते हैं। इसका उदाहरण है कि 2022 आईपीएल में सुदर्शन ने 14 चौके और तीन छक्के लगाए थे, जबकि 2023 में उन्होंने 33 चौके और 12 छक्के लगाए। वह दो सीजन मिलाकर आईपीएल में 13 मैचों में 46.09 की औसत और 137.03 के स्ट्राइक रेट से 507 रन बना चुके हैं। इनमें चार अर्धशतक शामिल हैं। सुदर्शन ने ओवरऑल टी20 में 31 मैचों में 37.53 की औसत और 125.61 के स्ट्राइक रेट से 976 रन बनाए हैं।
साई सुदर्शन और एन जगदीशन
- फोटो : सोशल मीडिया
सुदर्शन का घरेलू टूर्नामेंट में रिकॉर्ड
वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में तो उनका रिकॉर्ड और भी जबरदस्त है। 22 साल की उम्र में ही सुदर्शन 25 लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं और 60.42 की औसत और 96.28 के स्ट्राइक रेट से 1269 रन बना चुके हैं। इनमें छह शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 12 फर्स्ट क्लास मैचों में सुदर्शन 42.15 की औसत से 843 रन बना चुके हैं। इनमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। हाल ही में हुए 50 ओवर के घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में सुदर्शन छह मैचों की पांच पारियों में 36.20 की औसत से 181 रन बनाए। इसमें एक शतक शामिल है।
इमर्जिंग एशिया कप 2023 में ओपनिंग कर चुके
सुदर्शन इस साल हुए इमर्जिंग एशिया कप में टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे और उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग भी की थी। इस टूर्नामेंट में उन्होंने पांच मैचों की पांच पारियों में 73.33 की औसत और 99.10 के स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन का नाम तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) से चमका था। वे टीएनपीएल 2021 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर थे। उन्होंने लाइका कोवई किंग्स के लिए आठ पारियों में 71.60 की औसत और 143.77 की स्ट्राइक रेट से 358 रन बनाए थे। इसके बाद ही उन्हें 2022 के मेगा ऑक्शन में 20 लाख रुपये में गुजरात ने खरीदा था। हालांकि, उनका प्रदर्शन करोड़ों में बिकने वाले कई खिलाड़ियों से बेहतर रहा है।
सुदर्शन का है स्पोर्ट्स बैकग्राउंड
साई सुदर्शन के परिवार में खेलों के प्रति काफी जुनून है। उनके पिता भारद्वाज एथलीट थे। उन्होंने भारत के लिए साउथ एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं, उनकी मां उषा भारद्वाज ने तमिलनाडु के लिए वॉलीबॉल खेला है। सुदर्शन बचपन से ही ज्यादा रन बनाने के लिए जाने जाते थे। वे अंडर-10 चैलेंजर ट्रॉफी में इंडिया-ए के लिए 2019-20 में यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग कर चुके हैं। मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा, लखनऊ सुपर जाएंट्स के रवि बिश्नोई और भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान रहे प्रियम गर्ग उस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं।