दक्षिण अफ्रीका ने कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 में भी भारत को चार विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने टी-20 में लगातार 12 मैच जीतने के बाद अब लगातार दो मुकाबले गंवा दिए हैं। टीम इंडिया की बल्लेबाजी फ्लॉप रही। वहीं, गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार को छोड़कर बाकी सभी गेंदबाज फिसड्डी साबित हुए। भुवनेश्वर ने चार विकेट झटके।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 40 रन की पारी खेली। वहीं, दिनेश कार्तिक ने 21 गेंदों पर नाबाद 30 रन की पारी खेली। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 18.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हेनरिक क्लासेन ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 46 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की।
यह टीम इंडिया की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार सातवें अंतरराष्ट्रीय मैच (तीनों फॉर्मेट मिलाकर) में हार है। इससे पहले भारतीय टीम इस साल दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर दो टेस्ट और लगातार तीन वनडे मैच हारी थी। अब टीम इंडिया को लगातार दो टी-20 में हार का सामना करना पड़ा है।