इस मैच में हार के साथ ही दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने का भारत का सपना टूट गया। इस मैच में लोकेश राहुल और विराट कोहली के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ने पारी और 32 रन से जीत लिया है। इसके साथ ही अफ्रीकी टीम ने दो मैच की टेस्ट सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त ले ली है। इस मैच में भारतीय टीम तीन दिन भी नहीं टिक सकी। बारिश की वजह से इस मैच में किसी भी दिन पूरे 90 ओवर का खेल नहीं हुआ, लेकिन भारत तीसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले ही पारी के अंतर से हार गया।
विज्ञापन
भारत ने पहली पारी में लोकेश राहुल के शतक के दम पर 245 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 408 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। दूसरी पारी में भारत 131 रन पर सिमट गया और मैच भी गंवा दिया।
भारत के लिए सबसे ज्यादा 114 रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने पहली पारी में 38 और दूसरी पारी में 76 रन का योगदान दिया। वहीं, लोकेश राहुल ने 105 रन बनाए। उन्होंने पहली पारी में 101 और दूसरी पारी में चार रन बनाए। गेंद के साथ सबसे ज्यादा चार विकेट बुमराह ने लिया। वहीं, सिराज को दो विकेट मिले। भारतीय गेंदबाजों को दूसरी पारी में गेंदबाजी का मौका ही नहीं मिला।
विज्ञापन
दक्षिण अफ्रीका के लिए डीन एल्गर ने 185 रन, मार्को यानसेन ने नाबाद 84 रन और बेडिंगहम ने 56 रन बनाए। गेंद के साथ कगिसो रबाडा और नांद्रे बर्गर ने सात-सात विकेट लिए। मार्को यानसेन ने चार और कोइत्जे ने एक विकेट लिया।
रबाडा ने विराट को आउट किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
पहले दिन क्या हुआ?
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और कप्तान रोहित पांच रन बनाकर रबाडा का पहला शिकार बने। इसके बाद यशस्वी जायसवाल 17 रन और शुभमन गिल दो रन बनाकर चलते बने। 24 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में थी। ऐसे में श्रेयस अय्यर और विराट कोहली ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला। विराट 38 और श्रेयस 31 रन बनाकर आउट हुए। रविचंद्रन अश्विन ने आठ और शार्दुल ठाकुर ने 24 रन का योगदान दिया। जसप्रीत बुमराह भी एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
दूसरे दिन क्या हुआ?
केएल राहुल
- फोटो : सोशल मीडिया
लोकेश राहुल ने 70 रन के अपने निजी स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और अपना शतक पूरा किया। वह 101 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मोहम्मद सिराज ने 22 गेंद में पांच रन बनाए और राहुल का अच्छा साथ दिया। प्रसिद्ध कृष्णा नाबाद रहे और भारत की पारी 245 रन पर सिमटी। दक्षिण अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा ने पांच, नांद्रे बर्गर ने दो और यानसेन-कोइत्जे ने एक-एक विकेट लिया।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। एडेन मार्करम पांच रन बनाकर सिराज का पहला शिकार बने। इससे पहले, केएल राहुल ने अपना 8वां टेस्ट शतक जड़कर भारत को 245 रन तक पहुंचाया। दिन की शुरुआत 208/8 से करते हुए, राहुल ने सिराज और प्रसिद्ध के साथ बहुमूल्य रन जोड़कर भारत को सम्मानजनक कुल तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका के लिए कैगिसो रबाडा ने पांच विकेट लिए, जबकि डेब्यूटेंट नांद्रे बर्गर ने तीन विकेट लिए।
इसके बाद एल्गर और टोनी डीजॉर्जी ने शानदार साझेदारी कर अफ्रीकी पारी को आगे बढ़ाया। जॉर्जी 28 रन बनाकर बुमराह का शिकार बने। अगले ओवर में बुमराह ने पीटरसन को भी दो रन के स्कोर पर आउट कर दिया। इसके बाद डेविड बेडिंगहम ने 56 रन की पारी खेली और एल्गर के साथ बेहतरीन साझेदारी कर दक्षिण अफ्रीका को मैच में आगे कर दिया। वेरेने चार रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए बुमराह-सिराज ने दो-दो विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।
तीसरे दिन डीन एल्गर ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और दोहरे शतक के करीब दिख रहे थे, लेकिन 185 रन के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर की छोटी गेंद पर उन्होंने लोकेश राहुल को कैच थमा दिया। इसके बाद अश्विन ने कोइत्जे को 19 रन के स्कोर पर आउट किया। अंत में बुमराह ने रबाडा को एक रन और नांद्रे बर्गर को शून्य के स्कोर पर आउट किया। अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा चोट की वजह से बल्लेबाजी के लिए नहीं आए और अफ्रीका की पारी 408 रन पर सिमट गई।
पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका को 163 रन की बढ़त मिली। ऐसे में भारत को दूसरी पारी में बड़ा स्कोर बनाकर अच्छी तुनौती देनी थी, लेकिन हुआ इसके उलट। कप्तान रोहित शर्मा खाता खोले बिना रबाडा का शिकार बने। इसके बाद यशस्वी जायसवाल पांच रन बनाकर आउट हुए। गिल ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 26 के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद टीम इंडिया में भगदड़ मच गई। श्रेयस अय्यर (6 रन), लोकेश राहुल (4 रन), रविचंद्रन अश्विन (0 रन), जसप्रीत बुमराह (0 रन), मोहम्मद सिराज (4 रन) कुछ खास नहीं कर सके। अंत में विराट कोहली ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की। वह 76 रन के निजी स्कोर पर बड़ा शॉट खेलते हुए आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने सिर्फ 34.1 ओवर में 131 रन पर भारतीय टीम को समेट दिया। नांद्रे बर्गर ने चार और मार्को यानसेन ने तीन विकेट लिए। कगिसो रबाडा को दो विकेट मिले। सीरीज का दूसरा मैच तीन जनवरी से केपटाउन में खेला जाएगा।