पीसीबी ने की आईसीसी से शिकायत
41 साल के एशिया कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान की टीमें आज पहली बार फाइनल में आमने-सामने होंगी। इससे पहले पीसीबी ने भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह की कथित तौर पर अश्लील इशारे के लिए आईसीसी से शिकायत की है। पीसीबी का आरोप है कि भारत और पाकिस्तान के बीच 21 सितंबर (रविवार) को खेले गए सुपर-4 के मुकाबले में अश्लील इशारा किया था। पीसीबी का दावा है कि बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
क्या है मामला?
भारत ने सुपर-4 में पाकिस्तान को छह विकेट से हराया था। इस दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने विवादित तरीके से जश्न मनाया था। मुकाबले के दौरान हारिस रऊफ ने 'जेट सेलिब्रेशन' किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बताया जा रहा है कि भारतीय दर्शकों ने उन्हें चिढ़ाने के लिए 'कोहली-कोहली' के नारे लगाए थे, जिससे वह भड़क गए। रऊफ ने यह हरकत पहले दर्शकों की ओर और फिर संजू सैमसन का विकेट लेने के बाद भी दोहराई।
पाकिस्तानी गेंदबाज से पहले साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक पूरा करने के बाद गनफायर सेलिब्रेशन किया था। उन्होंने बल्ले को बंदूक की तरह लहराया था। इन इशारों को लेकर भारतीय प्रशंसकों और कई पूर्व क्रिकेटरों ने नाराजगी जताई। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसे हारिस रऊफ के जेट सेलिब्रेशन से जोड़ कर देखा गया।