कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय बल्लेबाज स्पिनर्स की फिरकी में उलझ गए, इसका असर यह हुआ कि मेजबान टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट गंवा दिए। भारत के 9 विकेट 277 रन पर गिर गए थे, लेकिन अंतिम विकेट के लिए रविंद्र जडेजा (16) और उमेश यादव (8 रन, 11 गेंद, 2 चौके) ने 14 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया की पारी पहले दिन सिमटने से बचा लिया।
मेजबान टीम इंडिया के लिए यह मैच बेहद खास है क्योंकि टेस्ट इतिहास में उसका 500वां मैच है और इस उपलब्धि को हासिल करने वाली इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बाद दुनिया की चौथी टीम बन गई है।
LIVE SCORECARD
उम्मीद थी कि अपने ऐतिहासिक मैच में भारतीय बल्लेबाज शानदार खेल दिखाएंगे लेकिन खेल के अंतिम सत्र में 5 विकेट गंवाने से पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल करने का मौका लगभग गंवा दिया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 9 विकेट पर 291 रन बना लिए थे। भारत की ओर से ओपनर मुरली विजय ने सबसे ज्यादा 65 और चेतेश्वर पुजारा ने 62 रनों का योगदान दिया। आर अश्विन ने 40 रन बनाए। एक समय भारत का स्कोर एक विकेट पर 154 रन था लेकिन उसके शेष 8 विकेट महज 139 रनों के अंदर गिर गए।
मेहमान टीम के लिए मिचेल सटेंनर और ट्रेंट बोल्ट ने 3-3 विकेट झटके तो नील वैगनर, मार्क क्रेग और ईश सोढ़ी को एक-एक सफलता हासिल हुई।
भारतीय टीम में शामिल फिरकी गेंदबाज पहली बार यहां पर खेलने उतर रहे हैं। पिछले मैचों के आधार पर देखा जाए तो इस मैदान पर फिरकी गेंदबाजों का ही जलवा रहा है। भारत ने यहां खेले अपने पिछले 5 टेस्ट मैचों में 4 में जीत हासिल की जबकि एक मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
अंतिम सत्र में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाई
अंजिक्य रहाणे
- फोटो : PTI
अपने ऐतिहासिक टेस्ट मैच में कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत लोकेश राहुल और मुरली विजय ने की और उम्मीद के मुताबिक शुरुआत अच्छी रही। दोनों ने पहले विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में लोकेश आक्रामक नजर आए और 39 गेंदों में 4 चौके तथा एक छक्के की मदद से 32 रन बनाए। वह फिरकी गेंदबाज मिचेल सेंटनर की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए।
शुरुआती झटके के बाद मुरली का साथ देने चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर आए और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी कर बिना किसी झटके के टीम को 100 के पार पहुंचा दिया। दोनों ने ही संयम के साथ बल्लेबाजी की, मगर खराब गेंदों को खुलकर नसीहत दी। धीरे-धीरे बल्लेबाजी करते हुए दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक लगाए। 62 रन के स्कोर पर पुजारा भी सेंटनर की गेंद पर कॉटएंडबोल्ड हो गए।
नंबर चार पर कप्तान विराट कोहली मैदान पर उतरे। वह शुरुआत से ही तेजी से रन बनाना चाहा, लेकिन पेसर नील वेंगर की बॉल उनकी बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर ईश सोढ़ी के हाथों में चली गई। वह 9 रन पर आउट हो गए। टी-ब्रेक से एक ओवर पहले ही भारत को चौथा झटका मुरली विजय के रूप में लगा जो 65 रन बनाकर ईश सोढ़ी की गेंद पर कैच आउट हुए। टी-ब्रेक तक भारत ने 4 विकेट गंवा दिए थे।
चायकाल के बाद अजिंक्य रहाणे (18) मार्क क्रेग के शिकार बने। लगातार विकेटों के पतन के बीच रोहित शर्मा के पास आर अश्विन के साथ पारी को आगे ले जाने का मौका था। दोनों ने छठे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी कर टीम इंडिया को 250 के पार पहुंचा दिया। और जब लग रहा था कि आज रोहित बड़ी पारी खेलेंगे तो वह सेंटनर की गेंद पर खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। वह 35 रन पर आउट हुए। इसके बाद आर अश्विन भी 40 रन पर पवेलियन लौट गए।