न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में फेल होने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की थी। चौथे दिन ऋषभ पंत और सरफराज खान के बीच कुल 177 रनों की साझेदारी हुई जिसे साउदी ने तोड़ा था। अब मिचेल ने इन दोनों की विशाल साझेदारी पर चर्चा की। उन्होंने कहा- ऋषभ एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और मैं उनके क्रिकेट खेलने के तरीके का सम्मान करता हूं और यह एक शानदार साझेदारी थी।
पुणे की पिच पर क्या बोले मिचेल?
इस दौरान कीवी टीम के स्टार ऑलराउंडर ने 24 अक्तूबर से पुणे में शुरू होने जा रहे टेस्ट मुकाबले पर भी बात की। उन्होंने बताया दूसरे टेस्ट के दौरान संभावित रूप से स्पिन के अनुकूल हालात से तेजी से सामंजस्य बैठाना होगा। न्यूजीलैंड ने भारत को उसके मैदान पर 36 साल में पहली बार शिकस्त देते हुए तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब
टीम की नजर दूसरे मुकाबले पर है।
'हम वर्तमान में जीते हैं'
मिचेल ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के अभ्यास सत्र के बाद कहा, एक जीत जो हम नहीं कर सकते, वह यह है कि हम सतह को नहीं बदल सकते। इसलिए हमारे सामने जो है हमें उसे देखते हुए प्रतिक्रिया देनी होगी और तेजी से सामंजस्य बैठाना होगा। कीवी खिलाड़ी के तौर पर हमें इस पर गर्व है कि हम वर्तमान में जीते हैं, हम अपने पैर जमीन पर रखते हैं और जितना अधिक संभव को वर्तमान में रहने की कोशिश करते हैं।
20 विकेट चटकाने का तरीका ढूंढ ही लेंगे
मिचेल ने आगे कहा, हम विकेट नहीं बदल सकते। वह जैसी है वैसी रहेगी। लेकिन मुझे यकीन है कि रणनीति के साथ उतरेंगे और 20 विकेट चटकाने का तरीका ढूंढ लेंगे और उम्मीद करते हैं कि कुछ रन भी बनाएंगे। देखिए हमारे लिए अब यह एक अन्य टेस्ट मैच की तरह है। यह अतीत की बात है। बेशक वह टेस्ट मैच जीतकर मैं बेहद खुश हूं। लेकिन साथ ही यह अलग मैदान हैं, अलग सतह और हम पहली गेंद फेंके जाने के लिए तैयार हैं।