पुणे ग्रामीण पुलिस ने कार से पांच करोड़ रुपये जब्त किए
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए 15 अक्तूबर से लागू आचार संहिता के बीच 21 अक्तूबर की देर शाम पुणे ग्रामीण पुलिस ने सोमवार को एक कार से 5 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाम को मुंबई-बंगलूरू हाईवे पर खेड-शिवपुर प्लाजा के पास पुलिस नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान सतारा की ओर जा रही एक कार को रोका गया। तलाशी में वाहन में बैठे चार लोगों के पास से 5 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए। कार में सवार चालक समेत चार लोगों से पूछताछ की गई। आगे की जांच के लिए आयकर विभाग के अधिकारियों को नकदी सौंप दी गई है।इस बीच, शिव सेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिव सेना के विधायक की कार से 15 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है।
उपमुख्यमंत्री फडणवीस से मिलने मुंबई पहुंचे भाजपा विधायक और टिकट के उम्मीदवार
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी पहली सूची में 99 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिसके बाद कई विधायक और टिकट के उम्मीदवार सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने के लिए मुंबई पहुंचे। इनमें नासिक सेंट्रल विधानसभा सीट से विधायक देवयानी फरांडे भी शामिल हैं, जिनके टिकट काटे जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। नासिक जिले में भाजपा के पांच विधायक हैं, जिनमें से चार का नाम पहली सूची में है।
वोट के लिए रिश्वत की पेशकश पर शिवसेना विधायक पर केस
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में शिवसेना विधायक संतोष बांगर के खिलाफ गैर-संज्ञेय केस दर्ज किया गया है। उन पर मतदान के लिए रिश्वत की पेशकश करने का आरोप है। बांगर सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना के नेता हैं और हिंगोली जिले की कलमनुरी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। पिछले दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें बांगर को यह कहते हुए सुना जा सकता है, जो मतदाता बाहर हैं, उनकी सूची हमें अगले दो-तीन दिन में सौंप दी जाए।
भाजपा पर मतदाता सूची में फर्जी नाम शामिल करने का आरोप
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले, विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह 150 विधानसभा क्षेत्रों में फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल करने की कोशिश कर रही है, जिनमें से अधिकांश पर बीजेपी चुनाव लड़ रही है। शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र 'सामना' में एक संपादकीय में कहा गया है, 'बीजेपी ने मतदाता सूची में फर्जी नाम शामिल करने के लिए यह कदम उठाया है, क्योंकि वह चुनाव हारने के डर से ग्रस्त है।' संपादकीय में आगे कहा गया है कि बीजेपी ने पहले ही 10000 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए पहचान की है और उनकी जगह फर्जी नाम शामिल किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में रहने वाले लोगों के आधार कार्ड नंबर का उपयोग करके उनके नाम महाराष्ट्र में शामिल कर रहे हैं। शिवसेना (यूबीटी) के आरोप के बाद महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने इस मामले में स्पष्टीकरण जारी किया है। कहा कि मतदाता सूची की समीक्षा प्रक्रिया के दौरान सभी नियमों का पालन किया गया है।
पूर्व विधायक संदीप नाइक ने छोड़ी भाजपा
विधानसभा चुनाव से पहले नवी मुंबई में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा नेता और पूर्व विधायक संदीप नाइक ने मंगलवार को एनसीपी शरद का दामन थाम लिया। वह बेलापुर सीट से टिकट मांग रहे थे। मगर यहां से भाजपा ने मौजूदा विधायक मंदा म्हात्रे को प्रत्याशी बनाया है। संदीप नाइक को एनसीपी शरद के राज्य इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा सांसद नारायण राणे के बेटे नीलेश ने थामा शिवसेना शिंदे का दामन
भाजपा सांसद नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे ने मंगलवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दाम थाम लिया। वह कुदाल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। कुदाल सीट से मौजूदा समय में शिवसेना उद्धव के वैभव नाइक विधायक हैं।
भ्रष्टाचार मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को जमानत
बॉम्बे हाईकोर्ट ने पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को जमानत दे दी है। वाजे पर फरवरी 2021 में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास 'एंटीलिया' के बाहर जिलेटिन की छड़ें लगाने का आरोप है और व्यवसायी मनसुख हिरेन की हत्या के मामले में भी मामला दर्ज किया गया है। वह नवी मुंबई की तलोजा केंद्रीय जेल में बंद हैं। ।
मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों के सामान में मिले चार हॉर्नबिल पक्षी
सीमा शुल्क विभाग की हवाई खुफिया एजेंसी ने मुंबई एयरपोर्ट पर दो यात्रियों के सामान से चार हॉर्नबिल पक्षियों को मुक्त कराया। साथ ही दो यात्रियों को पकड़ा। वे पक्षियों की देश में तस्करी करने की फिराक में थे। सीमा शुल्क अधिकारी ने बताया कि सोमवार दोपहर थाईलैंड से मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों के सामान में पक्षी पाए जाने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। एक पुरुष और एक महिला बैंकॉक से एयर इंडिया की उड़ान में हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। उनके सामान की तलाशी के दौरान चार हॉर्नबिल पक्षी पाए गए।
ट्यूशन टीचर की पिटाई के बाद छात्रा आईसीयू में भर्ती
महाराष्ट्र के पालघर स्थित नालासोपारा इलाके में एक 10 साल की बच्ची की ट्यूशन टीचर ने पिटाई कर दी। इसके बाद छात्रा की हालत बिगड़ गई है। छात्रा की हालत गंभीर है। नालासोपारा तुलिंज पुलिस स्टेशन के मुताबिक छात्रा की सात अक्तूबर को पिटाई की गई थी। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। छात्रा को आईसीयू में रखा गया है।
वृद्ध के हत्यारोपी को अग्रिम जमानत देने से इन्कार
बॉम्बे हाईकोर्ट ने ट्रेन में गोमांस ले जाने के संदेह पर वृद्ध की हत्या करने के आरोपी को अग्रिम जमानत देने से इन्कार कर दिया। अदालत ने कहा कि बुजुर्ग पर बेरहमी से हमला किया गया। न्यायमूर्ति आरएन लड्ढा की एकल पीठ ने आरोपी आकाश अव्हाड को अग्रिम जमानत देने से यह कहते हुए इनकार किया कि उससे हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता हो सकती है। आदेश में कहा गया है कि गिरफ्तारी पूर्व जमानत से प्रभावी जांच की प्रक्रिया खतरे में पड़ जाएगी। घटना के बाद ठाणे पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और अव्हाड और अन्य कथित हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
दिवाली से पहले मुंबई में स्काई लालटेन के उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध
मुंबई पुलिस ने दिवाली से पहले मंगलवार को स्काई लालटेन के इस्तेमाल और बिक्री पर एक महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रतिबंध 23 अक्तूबर से 21 नवंबर तक लागू रहेगा। आदेश में कहा गया है कि स्काई लालटेन जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। दरअसल, जनवरी 2015 में मलाड पूर्व में एक 36 मंजिला निर्माणाधीन इमारत में उड़ती स्काई लालटेनों ने कथित तौर पर आग लगा दी थी।