दिग्गज ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि वानखेड़े स्टेडियम की टर्न लेती पिच पर 150 के आसपास का लक्ष्य भारतीय बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। बता दें कि, भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टेस्ट मुकाबला मुंबई में खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में नौ विकेट पर 171 रन बनाए और 143 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
अश्विन ने कहा- हमें उनकी पारी का अंत करना होगा। इस पारी में बचाया गया हर रन अहम है। इस पिच पर रन बनाना आसान नहीं है। हमें बहुत अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। अश्विन इस पिच पर धीमी उछाल से हैरान हैं क्योंकि आम तौर पर मुंबई में ऐसा नहीं होता है। दिग्गज ने कहा- मुझे लगा था कि और उछाल होगी। यहां काफी धीमी उछाल है जबकि मुंबई की पिच ऐसी नहीं होती। मैच दो हिस्सों में बंट गया है। एक पवेलियन छोर और दूसरा छोर और दोनों की प्रकृति अलग है। ड्रेसिंग रूम की तरफ से गेंदबाजी करने पर यह सपाट है और उछाल बहुत कम है।
भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त हुई। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे। इस लिहाज से टीम इंडिया को 28 रन की बढ़त मिली। भारत की ओर से शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 90 रन बनाए। शनिवार को भारत ने चार विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया और 177 रन बनाने में बाकी छह विकेट गंवा दिए। न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने पांच विकेट लिए। वहीं, मैट हेनरी, ग्लेन फिलिप्स और ईश सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला।