भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में ओपनर मयंक अग्रवाल ने शतक जमाया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मयंक ने 120 रन बना लिए हैं और नाबाद हैं। उनके साथ ऋद्धिमान साहा भी क्रीज पर मौजूद हैं। मयंक ने इस शतक के साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। भारत ने पहले दिन चार विकेट गंवाकर 221 रन बना लिए हैं।
टेस्ट में मयंक के नाम चार शतक
मयंक ने अब तक टेस्ट की 24 पारियों में चार शतक लगाए हैं। ये चारों शतक उन्होंने भारतीय जमीन पर लगाए हैं। पहला शतक मयंक ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्तूबर 2019 में लगाया था। इसके बाद उन्होंने दूसरा शतक भी इसी टीम के खिलाफ पुणे में लगाया था। तीसरा शतक मयंक ने बांग्लादेश के खिलाफ नवंबर 2019 में इंदौर में लगाया था। चौथा शतक उन्होंने करीब 23 महीने के बाद लगाया है।
मयंक ने दो शतक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाए
मयंक ने अब तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 215 रन और 108 रन, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ 243 रन बनाए थे। वहीं, मयक ने चार अर्धशतक भी लगाए हैं और यह चारों अर्धशतक उन्होंने विदेशी जमीन पर लगाए हैं। उन्होंने दो अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया में और एक-एक अर्धशतक न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज में लगाए हैं।
सहवाग-धवन के बाद किया कारनामा
मयंक 2010 के बाद भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर हैं। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग ने 2010 में अहमदाबाद में कीवी टीम के खिलाफ 173 रन बनाए थे। मयंक 2014 के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू या विदेशी जमीन पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर हैं। उनसे पहले शिखर धवन ने 2014 में ऑकलैंड में कीवी टीम के खिलाफ शतक जमाया था। तब धवन ने 115 रन की पारी खेली थी।
पहले दिन का खेल समाप्त
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने मुंबई टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। पहले दिना का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने चार विकेट गंवाकर 221 रन बना लिए हैं। फिलहाल मयंक अग्रवाल 120 रन और ऋद्धिमान साहा 25 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 134 गेंदों पर 61 रन की साझेदारी हो चुकी है। पहले दिन सिर्फ 70 ओवर का खेल हो सका।