भारत ने रांची में खेले गए दूसरे टी-20 में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर भी कब्जा कर लिया है। तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया फिलहाल 2-0 से आगे है। दोनों टीमों के बीच तीसरा टी-20 21 नवंबर को कोलकाता में खेला जाएगा। टॉस गंवाकर पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 153 रन बनाए। जवाब में भारत ने 17.2 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए मार्टिन गुप्टिल और डेरिल मिचेल ने 30 गेंदों पर 48 रन जोड़े। दीपक चाहर ने गुप्टिल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। गुप्टिल 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चैपमैन और डेरिल मिचेल ने 31 रन जोड़े। अक्षर पटेल ने चैपमैन को आउट किया। वह 21 रन बना सके। इसके बाद डेब्यू कर रहे हर्षल पटेल ने डेरिल मिचेल (31) को आउट कर इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला विकेट हासिल किया।
सीफर्ट और फिलिप्स ने पारी संभाली
चौथे विकेट के लिए टिम सीफर्ट और ग्लेन फिलिप्स ने 23 गेंदों पर 35 रन जोड़कर टीम को पटरी पर लाने की कोशिश की। हालांकि, अश्विन ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा। उन्होंने सीफर्ट (13) को पवेलियन भेजा। न्यूजीलैंड को पांचवां झटका ग्लेन फिलिप्स (34) के रूप में लगा। फिलिप्स को भी हर्षल ने आउट किया।
हर्षल ने डेब्यू मैच में दो विकेट झटके
वहीं, जेम्स नीशम कुछ खास नहीं कर सके और तीन रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर आउट हुए। मिचेल सेंटनर 8 रन और एडम मिल्ने 5 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह टीम ने 153/6 का स्कोर बनाया। भारत की ओर से हर्षल पटेल ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। वहीं, भुवनेश्वर, दीपक चाहर, अक्षर और अश्विन को 1-1 विकेट मिला।
रोहित-राहुल की रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी
टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 80 गेंदों पर 117 रन जोड़े। पावरप्ले तक भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 45 रन था।
रोहित-राहुल ने पांचवीं बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतकीय साझेदारी निभाई। इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के टी-20 में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी के रिकॉर्ड की बराबरी की। टिम साउदी ने राहुल (65) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। आउट होने से पहले उन्होंने 16वां अर्धशतक जमाया।
रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 25वीं फिफ्टी लगाई
वहीं, रोहित 36 गेंदों पर 55 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 25वां अर्धशतक रहा। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और पांच छक्के लगाए। रोहित शर्मा ने मैच में एक छक्का लगाने के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 450 छक्के पूरे किए। क्रिस गेल (553) और शाहिद अफरीदी (476) के बाद इस मुकाम को हासिल करने वाले रोहित दुनिया के तीसरे और भारत के पहले खिलाड़ी बने।
साउदी की लगातार चौथे टी-20 में हार
रोहित को साउदी ने गुप्टिल के हाथों कैच कराया। पिछले मैच के हीरो रहे सूर्यकुमार यादव इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके और 1 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। वेंकटेश अय्यर 11 गेंदों पर 12 रन और ऋषभ पंत 6 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे। पंत ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया। टिम साउदी की बतौर कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह लगातार चौथी हार रही। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान टिम साउदी ने तीन विकेट झटके।