इंग्लैंड के खिलाफ जारी चौथे टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल को गेंदबाजी करते देखा गया। कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें एक ओर फेंकने का मौका दिया। जायसवाल ने इस सीरीज में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। वह भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। पिछले तीन मुकाबलों में युवा खिलाड़ी ने लगातार दो दोहरे शतक के साथ 545 रन बनाए हैं। तीसरे मुकाबले के बाद पूर्व गेंदबाज अनिल कुंबले ने गेंदबाजी की सलाह दी थी।
22 वर्षीय युवा बल्लेबाज ने रांची टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ गेंदबाजी की। पहले दिन का खेल खत्म होने से पहले कप्तान ने उन्हें गेंद थमाई। इस ओवर में जायसवाल ने छह रन दिए। हालांकि, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल ने पहली बार गेंदबाजी की। इससे पहले उन्हें टी20 इंटरनेशनल, फर्स्ट क्लास क्रिकेट और लिस्ट ए में गेंदबाजी करते देखा जा चुका है। दाएं हाथ के लेग ब्रेक गेंदबाज के नाम लिस्ट ए में सात विकेट दर्ज हैं।
कुंबले ने दी लेग स्पिन पर काम करने की सलाह
तीसरे मैच में लगातार दोहरे शतक के बाद दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले ने गेंदबाजी की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि जायसवाल को कप्तान से गेंदबाजी को लेकर बात करनी चाहि। कुंबले ने कहा, “आपकी बल्लेबाजी बहुत अच्छी रही, लेकिन एक चीज जो मैंने देखी है और मैं चाहता हूं कि आप भी इसे जारी रखें, वह यह है कि आपके पास लेग स्पिन है और एक बढ़िया और एक्शन भी। इसलिए इसे मत छोड़ें, क्योंकि आप कभी नहीं जानते कि वह आपके लिए कब काम आ जाए। आपको कप्तान के पास जाना चाहिए और कुछ ओवर्स मांगने चाहिए।”
तीन टेस्ट मैचों में यशस्वी ने बनाए खास रिकॉर्ड
तीन टेस्ट मैचों में यशस्वी ने लगातार दो दोहरे शतक लगाए। ऐसा करने वाले वह भारत के तीसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में विनोद कांबली और विराट कोहली की बराबरी की। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पाकिस्तानी दिग्गज वसीम अकरम की संयुक्त रूप से बराबरी कर ली है। अकरम ने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ शेखपुरा (पाकिस्तान) में 12 छक्के मारे थे।