भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में रजत पाटीदार का खराब प्रदर्शन जारी है। तीसरे दिन वह शून्य पर आउट हो गए। टॉम हार्टले ने उन्हें अपना शिकार बनाया। इससे पहले भारत की पहली पारी में भी वह सिर्फ पांच रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऐसे में उनके चौथे टेस्ट से बाहर होने की संभावना है।
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करने वाले धाकड़ बल्लेबाज पाटीदार को इस सीरीज के दूसरे टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला। इस दौरान उन्होंने पहली पारी में 32 और दूसरी पारी में नौ रन बनाकर आउट हुए। 30 वर्षीय बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। वह कप्तान के भरोसे पर खरे नहीं उतरे। ऐसे में माना जा रहा है कि केएल राहुल अगर चौथे टेस्ट में वापसी करते हैं तो रजत को प्लेइंग 11 से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
केएल राहुल की चौथे टेस्ट में वापसी संभव
टीम इंडिया के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल चोट की वजह से विशाखापत्तनम टेस्ट का हिस्सा नहीं बन पाए थे। हालांकि, उन्हें तीसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया गया लेकिन पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण उन्हें प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बनाया गया। फिलहाल राहुल नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में हैं। चौथे टेस्ट में स्टार क्रिकेटर की वापसी संभव है। राहुल ने पहले मैच की पहली पारी में 86 रन और दूसरी पारी में 22 रन बनाए।
बल्लेबाज का करियर
रजत पाटीदार के घरेलू करियर अच्छा रहा है। उन्होंने 56 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 4041 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके नाम 12 शतक और 22 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, उनका उच्चतम स्कोर 196 रन है। 30 वर्षीय बल्लेबाज ने 58 लिस्ट ए मैचों में तीन शतक और 12 अर्धशतक की मदद से 1985 रन बनाए। पाटीदार आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंग्लोर के लिए खेलते नजर आते हैं। उन्होंने भारत के लिए पिछले साल वनडे फॉर्मेट में डेब्यू किया। अब तक खेले एक मुकाबले में रजत ने 22 रन बनाए।