भारत और इंग्लैंड के बीच जारी तीसरे और निर्णायक मुकाबले में एक बार फिर से बल्लेबाजों ने लंबे-लंबे छक्के लगाए। पुणे में खेले जा रहे सीरीज के आखिरी मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 छक्के लगाए। इसमें ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने चार-चार और शार्दुल ठाकुर ने तीन छक्के जड़े। वहीं इंग्लैंड की टीम की तरफ से खबर लिखे जाने तक दो छक्के लग चुके थे। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच चल रही इस एकदिवसीय श्रृंखला में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी बन गया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज में अब तक 65* छक्के लग चुके हैं, जो किसी भी तीन मैचों की द्विपक्षीय श्रृंखला में सर्वाधिक हैं। इससे पहले 2019 में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच सीरीज में 57 छक्के लगे थे।
बात करें मौजूदा सीरीज की तो इसके शुरुआती दो मुकाबले में ही 52 छक्के लग चुके थे। इसमें पहले वनडे में 18 तो दूसरे में रिकॉर्ड 34 छक्के लगे थे। इसमें इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने सर्वाधिक 14 तो ऋषभ पंत ने 11 छक्के लगाए हैं।