इंग्लैंड के पूर्व ओपनर और कप्तान माइक आथर्टन का मानना है कि भारत का बेहतरीन स्पिन आक्रमण उन्हें बेन स्टोक्स की इंग्लैंड की टीम के खिलाफ आगामी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में जीत दिलाएगा। आथर्टन कहते हैं कि उनके ख्याल से भारत यह सीरीज जीतेगा। उनके स्पिनर हमारे स्पिनरों के मुकाबले ज्यादा अनुभवी और बेहतर हैं। भारत में स्पिन गेंदबाजी बड़ी भूमिका निभाती है। हालांकि भारत के पास बेहद मजबूत सीम आक्रमण भी है।
भारत के पास अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा के रूप में दो बाएं हाथ के अंगुलियों के स्पिनर हैं। उनके पास कलाई के स्पिनर के रूप में कुलदीप यादव और सर्वकालिक महान स्पिनरों में से एक आर अश्विन हैं। इंग्लैंड के पास अनुभवी जैक लीच हैं, लेकिन बाकी तीनों स्पिनर टॉम हार्टले, रेहान अहमद और शोएब बशीर अनुभवहीन हैं।
ब्रूक की जगह लॉरेंस इंग्लैंड की टीम में
भारत के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले इंग्लैंड की टीम में बदलाव हुआ है। हैरी ब्रूक की जगह डैन लॉरेंस को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। 25 जनवरी से शुरू होने वाली पांच टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज मार्च में खत्म होगी। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी घोषणा की। लॉरेंस अगले 24 घंटों के भीतर टीम से जुड़ जाएंगे। ईसीबी ने एक ट्वीट में कहा, "सरे के डैन लॉरेंस अगले 24 घंटों में इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम में शामिल होंगे।"
टेस्ट सीरीज के लिए दोनों टीमें
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जेम्स एंडरसन, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, शोएब बशीर, जैक क्रॉली, बेन डकेट, बेन फोक्स, टॉम हार्टले, जैक लीच, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जो रूट और मार्क वुड।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, शार्दुल ठाकुर, सिराज, मुकेश कुमार और आवेश खान।