भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के पांचवें टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह की वापसी मोहम्मद सिराज या आकाश दीप के लिए काल साबित हो सकती है। वहीं, इस मुकाबले में देवदत्त पडिक्कल को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले में जसप्रीत बुमराह की वापसी होगी। धर्मशाला में सात मार्च से खेले जाने वाले मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इस मैच में केएल राहुल एक बार फिर नजर नहीं आएंगे। वहीं, देवदत्त पडिक्कल को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज में टीम इंडिया ने चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली है। अब टीम की नजर पांचवें टेस्ट पर है। इस मुकाबले के लिए गुरुवार को बीसीसीआई ने टीम इंडिया की घोषणा की, जिसमें तेज गेंदबाज बुमराह की वापसी हुई। वहीं, देवदत्त पडिक्कल को टीम में शामिल किया गया। वह इस वक्त फॉर्म में हैं और पदार्पण कर सकते हैं।
पांचवें टेस्ट में कटेगा सिराज का पत्ता!
इस मुकाबले में भारत के गेंदबाजी आक्रमण में अहम बदलाव देखने को मिल सकता है। दरअसल, चौथे टेस्ट में कप्तान रोहित शर्मा ने बुमराह की जह आकाश दीप को मौका दिया। डेब्यू टेस्ट में उन्होंने तीन विकेट हासिल कर प्रभावित किया। वहीं, मोहम्मद सिराज को सिर्फ दो विकेट मिले। दूसरी पारी में उनके हाथ कोई सफलता नहीं लगी। इस सीरीज में सिराज ने तीन मैच खेले। राजकोट टेस्ट में उन्हें चार और रांची में दो विकेट मिले। ऐसे में तेज गेंदबाज को धर्मशाला टेस्ट में बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। ऐसे में भारत दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकता है।
विज्ञापन
प्लेइंग 11 से बाहर हो सकते हैं रजत पाटीदार
रजत पाटीदार को विशाखापत्तनम टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। वह पहली पारी में 32 और दूसरी पारी में नौ रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद उन्हें राजकोट में फिर से मौका दिया गया। रजत एक बार फिर से फेल हो गए। वह पहली पारी में पांच रन ही बना पाए थे। दूसरी पारी में तो खाता भी नहीं खोल पाए। चौथे मैच में रजत ने पहली पारी में 17 रन बनाए और दूसरी पारी में वह शून्य पर आउट हो गए। ऐसे में छह पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगाने वाले रजत को बाहर बैठना पड़ सकता है।
शानदार फॉर्म में पडिक्कल
रजत के स्थान पर कर्नाटक के बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को मौका मिल सकता है। पडिक्कल ने 31 प्रथम श्रेणी मैचों में 44.54 की औसत से 2227 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने छह शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं। पडिक्कल ने अपनी पिछली 11 पारियों में पांच शतक लगाए हैं। उन्होंने तीन शतक कर्नाटक के लिए और दो भारत-ए के लिए लगाए हैं। उनके शानदार फॉर्म को देखकर रोहित शर्मा रांची टेस्ट में रजत पाटीदार की जगह उन्हें मौका दे सकते हैं।