रविचंद्रन अश्विन और अनिल कुंबले
- फोटो : BCCI/PTI
इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट के दूसरे दिन भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट पूरे कर लिए। अश्विन ऐसा करने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने 500 विकेट पूरे किए थे। कुंबले ने अपने करियर में 132 टेस्ट खेले और 619 विकेट लिए। अश्विन ने शुक्रवार (16 फरवरी) को इंग्लैंड की पहली पारी में जैक क्राउली को अपना 500वां शिकार बनाया।
अश्विन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को अपने पिता रविचंद्रन को समर्पित किया। उन्होंने कहा, ''यह काफी लंबी यात्रा रही है। मैं 500वां विकेट अपने पिता को समर्पित करना चाहता हूं। मैं अपने जीवन में जिस भी कठिन परिस्थिति से गुजरा हूं, उनमें उनका ही योगदान रहा है। उनका निरंतर समर्थन रहा है।'' इस महत्वपूर्ण उपलब्धि तक पहुंचने के बाद अश्विन खुशी से ज्यादा राहत महसूस कर रहे थे। उनका ध्यान फिलहाल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीतने पर है।
कुंबले ने की खास अपील
दिन का खेल समाप्त होने के बाद अश्विन ने ब्रॉडकास्टर से बात की। इस दौरान वहां पर पूर्व कप्तान कुंबले भी मौजूद थे। कुंबले ने 37 वर्षीय अश्विन को एक बड़ी चुनौती भी दे दी। उन्होंने 500 विकेट पूरे करने वाले इस गेंदबाज से कहा, ''आपको टेस्ट में 625 से 630 पूरे करने हैं।'' इसका मतलब यह है कि कुंबले अपने रिकॉर्ड को टूटता देखना चाहते हैं। अश्विन की फिटनेस अच्छी है और वह अगले दो साल तक टेस्ट मैच खेल सकते हैं। ऐसे में वह कुंबले के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं।
अश्विन ने 98वें टेस्ट में लिया 500वां विकेट
अश्विन से पहले आठ गेंदबाज टेस्ट में 500 विकेट का आंकड़ा पार कर चुके हैं। इस मामले में श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन शीर्ष पर हैं। उन्होंने 133 टेस्ट मैचों में 800 विकेट लिए हैं। अश्विन सबसे कम टेस्ट मैचों में 500 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने अनिल कुंबले, ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ दिया। अश्विन ने 98वें टेस्ट में 500वां विकेट लिया। कुंबले ने 105, वॉर्न ने 108 और मैक्ग्रा ने 110 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी। इस मामले में शीर्ष पर मुरलीधरन हैं। उन्होंने 87 टेस्ट मैचों में ही 500 विकेट ले लिए थे।