अगर भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव नहीं होते तो सरफराज खान के पिता नौशाद अपने बेटे का डेब्यू देखने के लिए राजकोट नहीं आए होते और न ही बेटे को अनिल कुंबले से टेस्ट कैप लेते देख पाते। भारत और इंग्लैंड के बीच निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन नौशाद खान बेटे का डेब्यू देखने पहुंचे थे। उनके साथ सरफराज की पत्नी रोमाना जहूर भी मौजूद थीं। जब सरफराज को डेब्यू कैप मिल रही थी तो नौशाद और रोमाना, दोनों ही भावुक हो गए थे और आंसू नहीं रोक सके थे। सरफराज ने डेब्यू मैच की डेब्यू पारी में ताबड़तोड़ 62 रन बनाए।
सूर्यकुमार ने इस तरह की मदद
सरफराज और उनके पिता नौशाद
- फोटो : BCCI
हालांकि, नौशाद को राजकोट आने से पहले अपना मन बनाने के लिए मदद की जरूरत पड़ी थी, जिसमें सूर्यकुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नौशाद ने खुलासा किया कि सूर्यकुमार के एक मैसेज ने उन्हें राजकोट की यात्रा करने के लिए मना लिया। उन्होंने कहा, 'शुरुआत में मुझे लगा कि मैं नहीं जा पाऊंगा क्योंकि इससे सरफराज दबाव में आ जाएगा और इसके अलावा मुझे जुकाम भी था। लेकिन सूर्या के संदेश ने मेरे मन को लगभग पिघला दिया।'
सूर्यकुमार के मैसेज में क्या लिखा था?
सूर्यकुमार और सरफराज
- फोटो : सोशल मीडिया
नौशाद ने भारत के सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाज का मैसेज भी पढ़ा। सूर्या ने सरफराज के पिता को संदेश में लिखा- मैं आपकी भावनाओं को समझता हूं। लेकिन मेरा विश्वास कीजिए, जब मैंने अपना टेस्ट डेब्यू (पिछले साल मार्च में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) किया था और अपनी टेस्ट कैप हासिल कर रहा था, तब मेरे माता-पिता मेरे पीछे थे। और वह पल मेरे लिए स्पेशल से भी बढ़कर था। ये क्षण अक्सर नहीं आते हैं। इसलिए मैं सुझाव दूंगा कि आपको जाना चाहिए।
नौशाद ने बताई पूरी कहानी
सरफराज को डेब्यू कैप मिली तो पिता भावुक हो गए
- फोटो : BCCI
यह मैसेज पाने के बाद नौशाद ने राजकोट जाने की व्यवस्था की। उन्होंने बताया, 'सूर्या के इस संदेश के बाद मैं खुद को आने से रोक नहीं सका। मैंने एक गोली (दवाई) खाई और राजकोट पहुंच गया।' सरफराज के पिता नौशाद के साथ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की भी बातचीत वायरल हो रही है। दरअसल, जब नौशाद मैदान में थे तो रोहित खुद जाकर उनसे मिले थे। इस दौरान रोहित ने नौशाद से कहा था, 'सबको पता है आपने कितने त्याग किए हैं। आपने सरफराज के लिए कितनी मेहनत की है। आप दोनों (सरफराज की पत्नी को भी) को बहुत बहुत बधाई।'