इंग्लैंड के खिलाफ हैदराबाद टेस्ट में 28 रन से मिली दिल को चुभने वाली हार ने जहां अगले चार टेस्ट मैचों के लिए बेन स्टोक्स की टीम के हौसले बुलंद कर दिए हैं, वहीं भारतीय टीम की वापसी की राह और कठिन हो गई है। पहले टेस्ट में 87 रन की पारी और कुल पांच विकेट लेने वाले रवींद्र जडेजा के साथ 86 रन बनाने वाले केएल राहुल दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। दोनों चोटिल हो गए हैं और उनके स्थान पर चयनकर्ताओं ने मुंबई के सरफराज खान, यूपी के बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार और तमिलनाडु के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को दूसरे टेस्ट के लिए टीम में शामिल किया है।
सर्जरी के चलते चार माह क्रिकेट से दूर रहे थे राहुल
बीसीसीआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जडेजा और राहुल दो फरवरी से विशाखापत्तनम में शुरू होने जा रहे दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे। बोर्ड की मेडिकल टीम दोनों की प्रगति पर नजर रख रही है। बताया जातात है कि जडेजा को पहले टेस्ट में रन लेने के दौरान पैर की मांसपेशियों में चोट लगी है, जबकि राहुल ने दायीं जांघ में दर्द की शिकायत की है। चिंता की बात यह है कि बीते वर्ष मई में आईपीएल के दौरान भी राहुल ने दाईं जांघ में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा था, जिसके चलते वह चार माह क्रिकेट से दूर रहे थे।