फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Playing-11: दूसरे टेस्ट में चार स्पिनर्स के साथ उतर सकता है भारत, सरफराज-रजत में किसे मिलेगा मौका?

Thu, 01 Feb 2024 11:07 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, विशाखापत्तनम

सार

IND vs ENG Playing 11 2nd Test Match : बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा चोटिल हैं, लेकिन पांच सौ विकेट पूरा करने की दहलीज पर खड़े रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल को अपनी नई योजनाएं बनानी होंगी। इंग्लैंड के बल्लेबाज किसी भी हालात में अपने आक्रामक तेवर अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे।
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहले टेस्ट में मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम पर शुक्रवार से विशाखापत्तनम में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में जीत से वापसी करने का दबाव होगा। भारतीय टीम के लिए चुनौती इसलिए भी बड़ी है क्योंकि विराट कोहली पहले ही उपलब्ध नहीं हैं, इसके अलावा लोकेश राहुल और रवींद्र जडेजा जैसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी चोट के कारण इस मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
विज्ञापन


भारतीय टीम को इंग्लैंड की बैजबॉल नीति (आक्रामक शैली) को लेकर भी अलग रणनीति अपनाने की जरूरत है। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पोप ने 196 रन की पारी खेली थी। पोप ने अनऑर्थोडॉक्स शॉट जैसे कि रिवर्स स्वीप, स्कूप शॉट खेलकर भारतीय स्पिनरों की धार कुंद कर दी थी।

पहले टेस्ट में संघर्ष करती दिखी थी टीम इंडिया

भारत बनाम इंग्लैंड - फोटो : अमर उजाला
घरेलू मैदानों में भारतीय टीम कम ही संघर्ष करती नजर आती है, लेकिन पहले टेस्ट की दूसरी पारी में ऐसा देखने को मिला। तीन साल पहले भी हमें इसी प्रतिद्वंद्वी के हाथों चेन्नई में पहले टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा था। वो बात अलग है कि भारतीय टीम ने वापसी करते हुए सीरीज अपने कब्जे में कर ली। तब इंग्लैंड की अगुआई जो रूट कर रहे थे। अब भारतीय टीम को बेन स्टोक्स की अगुआई वाली उस टीम के खिलाफ पलटवार करने की चुनौती है जिसने टेस्ट क्रिकेट खेलने का अंदाज बदल दिया है। पहली पारी में 190 रन से पिछड़ने के बाद इंग्लैंड की टीम जीतने में सफल रही।

(फोटो क्रेडिट: BCCI Twitter)

गेंदबाजों को रखना होगा रनों पर अंकुश
बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा चोटिल हैं, लेकिन पांच सौ विकेट पूरा करने की दहलीज पर खड़े रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल को अपनी नई योजनाएं बनानी होंगी। इंग्लैंड के बल्लेबाज किसी भी हालात में अपने आक्रामक तेवर अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे। हैदराबाद टेस्ट में 28 रन की हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक राहुल द्रविड़ ने कहा था कि यह महत्वपूर्ण होगा कि हम नई योजना अपनाएं। हम गेंदों की लंबाई ऐसी रखें जहां अनऑर्थोडॉक्स शॉट खेलने में उन्हें मुश्किलें आएं। हमें गेंदबाजी में और अनुशासित प्रदर्शन करने की जरूरत है और योजनाओं को लागू करने की जरूरत है।

भारत बनाम इंग्लैंड - फोटो : अमर उजाला
जडेजा की जगह मिल सकता है कुलदीप को मौका
जडेजा की अनुपस्थिति में कुलदीप यादव के खेलने की उम्मीद है। अब देखना यह है कि क्या भारतीय टीम जसप्रीत बुमराह के रूप में केवल एक ही तेज गेंदबाज के साथ उतरती है या फिर अतिरिक्त स्पिनर के रूप में वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया जाता है। वैसे उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के युवा स्पिनर सौरभ कुमार भी टीम में शामिल हैं। जहां भारत के विश्व स्तरीय स्पिनरों को इंग्लैंड के सामने संघर्ष करना पड़ा, वहीं भारतीय बल्लेबाजों ने भी टर्निंग ट्रैक पर निराश किया। बाएं हाथ के स्पिनर टॉम हार्टले ने अपने पहले ही टेस्ट में दमदार प्रदर्शन किया।

दूसरी पारी में शीर्ष क्रम में केवल कप्तान रोहित शर्मा ही कुछ आत्मविश्वास से खेलते नजर आए। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल घूमती गेंदों का ढंग से सामना नहीं कर पाए। तीसरे टेस्ट में विराट कोहली टीम में वापसी कर सकते हैं। ऐसे में गिल और श्रेयस अय्यर पर बेहतर करने का दबाव है। रजत पाटीदार भी टीम का हिस्सा हैं। उन्हें लोकेश राहुल की जगह शामिल किया जा सकता है। घरेलू स्तर पर ढेरों रन बनाने वाले सरफराज को चयनकर्ताओं का बुलावा मिला है और वह टेस्ट कैप पाने को बेताब होंगे। हालांकि, टीम प्रबंधन अंतिम एकादश से पहले पिच और हालात पर गौर करेगा।

इंग्लैंड ने बशीर को चुना, एंडरसन की वापसी
दूसरी ओर, इंग्लैंड के पास पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त करने का अवसर है जिससे भारतीय टीम पर दबाव और बढ़ाया जा सकता है। कप्तान बेन स्टोक्स ने जिस तरह अपने स्पिनरों का इस्तेमाल किया वह उनके नेतृत्व कौशल का प्रमाण है। उन्होंने पहला टेस्ट खेल रहे स्पिनर हार्टले से लंबा स्पेल फिंकवाया, जबकि यशस्वी जायसवाल आक्रामक तेवर अपना रहे थे।

टीम के लिए अनुभवी स्पिनर जैक लीच का घुटने की चोट के कारण उपलब्ध न होना चिंता का सबब हो सकता है। उनकी जगह 20 साल के स्पिनर बशीर यहां अपना पहला टेस्ट खेलेंगे। हैदराबाद में तेज गेंदबाज मार्क वुड प्रभाव छोड़ने में बेअसर रहे थे। ऐसे में अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को उनकी जगह लाया गया है।

भारत ने पहले भी विशाखापत्तनम में दो टेस्ट खेले हैं और वहां उसका रिकॉर्ड शानदार रहा है, पिच अमूमन पहली पारी में बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है। देखना है कि भारतीय टीम प्रबंधन किस तरह की पिच के साथ इस मैच में उतरता है। एंडरसन का यह 184वां टेस्ट मैच होगा।

प्लेइंग-11

बशीर और लीच - फोटो : ANI/X
इंग्लैंड की प्लेइंग-11: जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, शोएब बशीर, जेम्स एंडरसन।

भारत की संभावित प्लेइंग 11: यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, रजत पाटीदार/सरफराज खान, श्रेयस अय्यर, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज/वॉशिंगटन सुंदर।
विज्ञापन

भारतीय क्रिकेट टीम - फोटो : BCCI
दोनों टीमें
भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, आवेश खान, रजत पाटीदार, सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर, सौरभ कुमार।

इंग्लैंड टीम : बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जेम्स एंडरसन, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), शोएब बशीर, डेन लॉरेंस, जैक क्राउली, बेन डकेट, बेन फोक्स, टॉम हार्टले, ओली पोप, ओली रोबिन्सन, जो रूट, मार्क वुड।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें