युवराज ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर भारतीय लाइनअप में नंबर चार बल्लेबाज की भूमिका के बारे में बात की। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने यह भी कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल को अय्यर से पहले बल्लेबाजी के लिए आना चाहिए था। वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार भारत के शीर्ष चार बल्लेबाजों में से तीन शून्य पर आउट हुए।
उन्होंने लिखा, 'जब टीम अपनी पारी को फिर से बनाने की कोशिश कर रही हो तो चौथे नंबर के बल्लेबाज को दबाव झेलना पड़ता और उससे लड़ना पड़ता है। श्रेयस अय्यर से मुझे बेहतर सोच की जरूरत है! अभी भी समझ में नहीं आता कि केएल राहुल नंबर चार पर बल्लेबाजी क्यों नहीं कर रहे हैं। वह भी तब जब उन्होंने चार नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम, आप कभी भी किंग विराट कोहली का कैच ड्रॉप न करें, वरना वह आपके लिए बहुत बड़ा खतरा बन सकते हैं।'
कोहली जब 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, तो मिचेल मार्श ने उनका आसान कैच छोड़ दिया था। इसके बाद कोहली ने 85 रन की मैच जिताऊ पारी खेल डाली। अपनी 116 गेंदों की पारी में उन्होंने छह चौके लगाए। वहीं, केएल राहुल 115 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 97 रन की पारी खेली। भारत ने 200 रन का लक्ष्य 41.2 ओवर में हासिल कर लिया। इससे पहले भारतीय स्पिनर्स ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को 49.3 ओवर में 199 रन पर समेट दिया था। रवींद्र जडेजा ने तीन, जबकि जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए।