भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम 240 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऐसा कहा जा रहा था कि पिच स्लो होगी। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और भारत की पहली पारी में सात विकेट झटके। इससे पता चला कि पिच में तेज गेंदबाजों के लिए थोड़ी सी मदद है। ऐसे में इस विश्व कप में यह देखा गया है कि अंडर लाइट्स तेज गेंदबाजों स्विंग और सीम मिली है। इसी का फायदा उठाने के लिए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शुरुआत से ही अपने स्ट्राइक गेंदबाजों को काम पर लगाया।
ऐसे में लगा कि कप्तान रोहित पहले ओवर में शानदार फॉर्म में चल रहे मोहम्मद शमी को गेंदबाजी देंगे। हालांकि, हमेशा की तरह जसप्रीत बुमराह ही गेंदबाजी के लिए आए और पहले ओवर में 15 रन खर्च किए। इसके बाद दूसरे ओवर में रोहित ने प्लान में बदलाव करते हुए सिराज की जगह शमी को गेंदबाजी दी। शमी ने कप्तान को निराश नहीं किया और अपने पहले और मैच के दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर डेविड वॉर्नर को पवेलियन भेजा। उन्होंने वॉर्नर को कोहली के हाथों कैच कराया। वॉर्नर तीन गेंद में सात रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इस ओवर में उन्होंने 13 रन खर्च किए। इसी का फायदा उठाते हुए बुमराह ने दो और विकेट लिए और उन्होंने मिचेल मार्श और स्टीव स्मिथ को पवेलियन भेजा।
भारतीय पारी
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप के फाइनल में 240 रन पर सिमट गई। भारत के लिए केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 66 और विराट कोहली ने 54 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 47 और सूर्यकुमार यादव ने 18 रन बनाए। कुलदीप यादव ने 10 रनों का योगदान दिया। इन पांच खिलाड़ियों के अलावा कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। रवींद्र जडेजा नौ, मोहम्मद शमी छह, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल चार-चार रन बनाकर आउट हुए। जसप्रीत बुमराह एक रन ही बना पाए। मोहम्मद सिराज नौ रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड को दो-दो सफलता मिली। ग्लेन मैक्सवेल और एडम जम्पा ने एक-एक विकेट लिए।
भारत के लिए इस मैच में विराट कोहली और केएल राहुल ने चौथे विकेट के लिए 67 रन की सबसे बड़ी साझेदारी की। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। रोहित, कोहली और राहुल अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, सूर्यकुमार बड़े मौके पर फेल हो गए। भारत पहली बार इस विश्व कप में ऑलआउट हुआ है। अब सारा दारोमदार गेंदबाजों पर है। उनसे खतरनाक गेंदबाजी की उम्मीद है। मोहम्मद शमी ने इस टूर्नामेंट में अब तक 23 विकेट लिए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में सात विकेट हासिल किए थे।