वनडे विश्व कप के पांचवें मैच में मेजबान भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने-सामने हुईं। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत के लिए मैच की शुरुआत अच्छी रही और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर टीम को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज मिचेल मार्श को पवेलियन भेज दिया। मार्श का कैच विराट कोहली ने लिया।
कोहली ने विश्व कप में भारत के पहले मैच में पहला कैच लेकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह विश्व कप में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले गैर-विकेटकीपर भारतीय फील्डर बन गए। कोहली ने इस मामले में पूर्व लेग स्पिनर अनिल कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ किया। पूर्व कप्तान विराट ने विश्व कप में 15वां कैच लिया। कुंबले इससे पहले सबसे ज्यादा कैच लेने वाले गैर-विकेटकीपर फील्डर थे।
विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
विश्व कप में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले भारतीय फील्डर (गैर-विकेटकीपर)
| खिलाड़ी |
कैच |
| विराट कोहली |
15 |
| अनिल कुंबले |
14 |
| कपिल देव |
12 |
| सचिन तेंदुलकर |
12 |
रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
रोहित शर्मा ने तोड़ा अजहरुद्दीन का रिकॉर्ड
भारत की कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे हैं। इस मैच में उतरने के साथ ही रोहित ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह विश्व कप मैच में कप्तानी करने वाले भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद अजहरुद्दीन के नाम था। इस मैच में उतरने के वक्त रोहित की उम्र 36 साल 161 दिन है। वहीं, अजहरुद्दीन ने 1999 विश्व कप में 36 साल 124 दिन की उम्र में कप्तानी की थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का 150वां मैच
भारत का यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 150वां वनडे मैच है। किसी एक टीम के खिलाफ भारत का यह दूसरा सबसे ज्यादा वनडे मैच है। टीम इंडिया ने सबसे ज्यादा वनडे श्रीलंका के खिलाफ खेले हैं। श्रीलंका के खिलाफ भारत ने 167 वनडे खेले हैं। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया और तीसरे नंबर पर 142 वनडे के साथ वेस्टइंडीज की टीम है।