भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी खेली गई दो मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज बुधवार को समाप्त हो गई। भारत की अंडर 19 टीम ने दूसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को पारी और 120 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया। चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में अनमोलजीत सिंह ने नौ और मोहम्मद एनान ने सात विकेट चटकाए।
चेन्नई टेस्ट के तीसरे दिन सोहम पटवर्धन के नेतृत्व वाली टीम ने कंगारुओं को पहली पारी में 277 रन पर समेटने के बाद, दूसरी पारी में 95 रन पर ढेर कर दिया और यह मुकाबला जीत लिया।
ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 142 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। उनका चौथा विकेट 208 रन के स्कोर पर लीग यंग के रूप में गिरा, जिन्हें अनमोलजीत सिंह ने अपना शिकार बनाया। वह 66 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। टीम के कप्तान ऑलिवर पिक ने शतक जड़ा, लेकिन उन्हें भी अनमोलजीत सिंह ने ही बोल्ड किया। पिक ने 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 117 रन बनाए। इस दौरान भारत के लिए अनमोलजीत और मोहम्मद एनान ने चार-चार विकेट लिए। इसके अलावा समर्थ नागराज को भी एक सफलता मिली।
पहली पारी में 215 रन से पिछड़ने के बाद भारतीय कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन देने का फैसला किया। दूसरी पारी में उनकी शुरुआत खराब रही। 24 के स्कोर पर उन्हें रिले किंगसेल के रूप में पहला झटका लगा। वह सिर्फ दो रन बना सके। फिर साइमन बड्ज और स्टीवन होगन भी कुछ समय बाद पवेलियन लौट गए। वहीं, हैरी होएकस्त्रा 20 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान चार बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। अंत में ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में 95 रनों के स्कोर पर सिमट गई। भारत के लिए अनमोलजीत ने पांच और एनान ने तीन विकेट लिए। वहीं, चेतन शर्मा को एक सफलता मिली। अनमोजीत को उनके घातक प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।