भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने दो विकेट से जीत हासिल की। हालांकि, पूरे मैच के दौरान एक कंगारू खिलाड़ी चर्चा में बना रहा। मैच के बाद भी फैंस ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर तनवीर सांघा के बारे में बात करते रहे। सांघा भले ही ऑस्ट्रेलिया की टीम हिस्सा थे, लेकिन उनका नाम ही यह बयां कर रहा था कि भारतीय धरती से उनका कुछ तो नाता है।
तनवीर ने इस मैच में चार ओवर में 47 रन देकर दो विकेट लिए। पूरे मैच के दौरान उनके खिलाफ भारतीय बल्लेबाज बड़े शॉट खेलते रहे, लेकिन अंत में उन्होंने अर्धशतक लगा चुके ईशान किशन और फिर तिलक वर्मा को आउट कर मैच में अपनी टीम को वापस ला दिया। हालांकि, रिंकू सिंह की बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते टीम इंडिया मैच जीतने में सफल रही।
कौन हैं तनवीर सांघा?
तनवीर का जन्म 26 नवंबर 2001 को सिडनी में हुआ था। उनके पिता का नाम जोगा सांघा और मां का नाम उपनीत है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा सिडनी के ईस्ट हिल्स बॉयज हाई स्कूल से पूरी की। तनवीर का रिश्ता भारत से काफी गहरा है। उनके पिता पंजाब के जालंधर के रहने वाले हैं। जोगा सांघा 1997 में ऑस्ट्रेलिया गए थे। वह सिडनी में टैक्सी ड्राइवर हैं। वहीं, उनकी मां उपनीत अकाउंटेंट का काम करती हैं।
अंडर-19 विश्व कप में किया था कमाल
तनवीर ने 12 दिसंबर 2020 को बिग बैश लीग (बीबीएल) के मैच में सिडनी थंडर के लिए पहला टी20 खेला था। हालांकि, उन्होंने पहली बार 2020 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के दौरान प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया। इस टूर्नामेंट में तनवीर ने 15 विकेट अपने नाम किए थे। बीबीएल में एक प्रभावशाली सीजन के बाद तनवीर को जनवरी 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रांस-तस्मान टी20 सीरीज के लिए पहली बार ऑस्ट्रेलियाई टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था। उसी साल उन्होंने शेफील्ड शील्ड में न्यू साउथ वेल्स के लिए प्रथम श्रेणी में पहला मैच खेला था।
तेज गेंदबाज गुरिंदर संधू के बाद तनवीर सीनियर स्तर पर ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय मूल के दूसरे खिलाड़ी हैं। गुरिंदर ने 2015 में दो वनडे मैचों में भाग लिया था। तनवीर ने हाल ही में द हंड्रेड में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने तीन मैचों में बर्मिंघम फीनिक्स का प्रतिनिधित्व किया था।