भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मुकाबला पर्थ में खेला जा रहा है। शुक्रवार से शुरू हुए इस मैच में ऋषभ पंत ने एक बार फिर अपने विस्फोटक प्रदर्शन से भारत की साख बचाई। उन्होंने 37 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। इसी के साथ उन्होंने बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मेहमान विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए।
ऋषभ पंत
- फोटो : BCCI
पंत ने फिर बचाई भारत की साख
ऑप्टस स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली जैसे दिग्गज जल्दी पवेलियन लौट गए। इस स्थिति में मोर्चा पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे ऋषभ पंत ने संभाला। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को जमकर निशाना बनाया। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और एक छक्का निकला।
ऋषभ पंत
- फोटो : BCCI
पंत ने बनाया महारिकॉर्ड
स्टार खिलाड़ी ने अपनी इस पारी के साथ बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मेहमान विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने इंग्लैंड के एलन नॉट को पीछे छोड़ दिया। पंत के नाम अब 13 पारियों में 661 रन दर्ज हो गए हैं। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर नॉट हैं, जिन्होंने 22 पारियों में 643 रन बनाए। तीसरे पायदान पर जेफ डुजोन हैं। उनके नाम 18 पारियों में 587 रन दर्ज हैं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : BCCI
मैच का हाल
पर्थ टेस्ट के पहले दिन भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर हावी दिखे। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी में 150 रन बनाए थे। इस लिहाज से ऑस्ट्रेलिया अब भी 83 रन पीछे है। भारतीय बल्लेबाजी के फ्लॉप रहने के बाद और 150 रन पर ऑलआउट होने के बाद ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया हावी है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी और भी खराब रही। अभी तक कोई भी कंगारू बल्लेबाज 20 के आंकड़े से ऊपर नहीं जा सका है। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने अब तक चार विकेट लिए हैं।