टीम इंडिया बुधवार को जब
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन के मैदान पर तीसरा वन-डे खेलने उतरेगी तो उसकी निगाहें सीरीज में 3-0 की बढ़त लेने पर होगी। अगर
विराट कोहली की नेतृत्व वाली टीम यहां जीतने में कामयाब रहती है तो यह उसकी ऐतिहासिक जीत होगी। बता दें कि इससे पहले भारत द. अफ्रीका में एक वन-डे सीरीज में दो बार (1992-93 और 2010-11) दो-दो मैच जीतने में कामयाब रहा है।
कई अफ्रीकी शेर हैं घायल
मौजूदा अफ्रीकी टीम कई चोटिल खिलाड़ियों की वजह से मुसीबत में नजर आ रही है। कोहली इस बात को बखूबी जानते हैं कि सीरीज जीतकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने का यह सही मौका है और किसी भी कीमत पर वह और टीम मौके को जाया नहीं जाने देना चाहेगी।
मैच से पहले अफ्रीका के तीन विकेट गिरे
दक्षिण अफ्रीका
- फोटो : twitter
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान
फॉफ डु प्लेसी चोट के चलते वन-डे और टी20 सीरीज से बाहर हो चुके हैं, वहीं
एबी डीविलियर्स चौथे मैच से पहले टीम में शामिल नहीं होने वाले हैं। इसके अलावा
टीम इंडिया के लिए एक और खुशखबरी यह है कि विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक भी कलाई की चोट के चलते सीरीज से बाहर हो गए हैं।
हेनरिक क्लासेन कर सकते हैं डेब्यू
हेनरिक क्लासेन
- फोटो : twitter
मेजबान टीम मैनेजमेंट डी कॉक की जगह पर हेनरिक क्लासेन को टीम में शामिल कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह उनका डेब्यू मैच होगा। बता दें कि क्लासेन घरेलू टूर्नामेंट में अपने बल्ले से धमाल मचा चुके हैं। इस मैच में भी उनसे सबको बड़ी उम्मीद होगी। इसके अलावा खाया जोंडो की जगह फरहान बेहारदीन को मौका दिया जा सकता है।
रोहित पर होगा दवाब
रोहित शर्मा
- फोटो : BCCI
टीम इंडिया विनिंग इलेवन के साथ छेड़छाड़ नहीं करना चाहेगी। लेकिन ओपनर
रोहित शर्मा के बल्ले से रन न निकलना उनके लिए परेशानी का सबब है। इस मैच में उन पर रन बनाने का दवाब होगा। मौजूदा आईसीसी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका दूसरे नंबर पर खिसक चुका है, लेकिन इस मैच में अगर वह जीतने में कामयाब रहता है तो फिर से संयुक्त रूप से नंबर वन बन जाएगी।
न्यूलैंड्स में रहा है 50-50
टीम इंडिया
- फोटो : BCCI
टीम इंडिया ने केपटाउन के न्यूलैंड्स में अभी तक चार वन-डे खेले हैं, इनमें से उसे दो में हार और दो में जीत का स्वाद चखने को मिला है। भारत ने यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वन-डे खेले, जिनमें से उसे दो में हार मिली जबकि 1 मैच जीता। भारत के पास अब इस रिकॉर्ड को बराबर करने का मौका रहेगा।
संभावित टीमें : टीम इंडिया : रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, महेंद्रसिंह धोनी, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।
दक्षिण अफ्रीका : हाशिम अमला, ऐडन मार्करैम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, खाया जोंडो/फरहान बेहारदीन, डेविड मिलर, जेपी डुमिनी, क्रिस मॉरिस, मोर्ने मॉर्केल, तरबेज शम्सी, इमरान ताहिर, कगिसो रबाडा।