भारत और न्यूजीलैंड की ए टीमों के बीच खेला गया पहला अनौपचारिक टेस्ट मैच ड्रॉ के साथ खत्म हो गया है। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में खेले गए चार दिवसीय मुकाबले में भारत ए की टीम शुभमन गिल के नाबाद दोहरे शतक और हनुमा विहारी-प्रियांक पंचाल के शतकों की मदद से मैच बचाने में सफल रही।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की टीम ने शुभमन गिल और कप्तान हनुमा विहारी के अर्धशतकों की मदद से महज 216 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ए की टीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए मार्क चैपमैन (114) और डेन क्लीवेर (196) के शतकीय पारियों की मदद से सात विकेट पर 562 रन बनाकर पारी घोषित की। इसी के साथ न्यूजीलैंड की टीम ने पहली पारी के आधार पर 346 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।
एक वक्त पर कमजोर स्थिति में नजर आ रही भारत ए की टीम ने दूसरी पारी में 59 रन पर ही दो विकेट गंवा देने के बाद मजबूत वापसी की। टीम की तरफ से सबसे पहले प्रियांक पंचाल (115) और शुभमन गिल ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। पंचाल के आउट होने के बाद गिल ने कप्तान हनुमा विहारी के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और टीम के स्कोर को 400 के पार ले गए।
आखिरी दिन का खेल खत्म होने से पहले शुभमन गिल ने 279 गेंदों में 22 चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 204 रन बनाए, वहीं विहारी ने भी 113 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 100 रन बनाए।