शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के निकट गोली चलाने वाला युवक कपिल बैंसला कथित तौर पर ‘बहनजी’ का फैन रहा है। उसने 2017 में सोशल मीडिया के जरिए बसपा का जमकर प्रचार किया था। खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट बताती है कि आरोपी कपिल ने अपने फेसबुक पेज पर यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कई पोस्ट डाली थी। ये सभी पोस्ट बसपा सुप्रीमो मायावती और
उनकी पार्टी के समर्थन में थी। अधिकांश पोस्ट जनवरी और फरवरी- 2017 के दौरान डाली गई थी। जून 2017 में कपिल का फेसबुक अकाउंट बंद हो गया।
बता दें कि शुक्रवार शाम पौने पांच बजे शाहीन बाग में चल रहे विरोध प्रदर्शन के निकट एक युवक ने देशी पिस्तौल से हवाई फायर कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक ने दो फायर किए थे। मौके से गोली के दो खोखा बरामद किए गए हैं। चूंकि वहां पर पुलिस का बैरिकेड लगा था, इसलिए आरोपी को तुरंत गिरफ्त में ले लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी ने अपना नाम कपिल बैंसला बताया है। वह नोएडा के निकटवर्ती दल्लूपुरा इलाके का रहने वाला है।
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी वह युवक 'जय श्री राम' के नारे लगाता रहा। जब युवक से यह पूछा गया कि उसने गोली क्यों चलाई है तो उसका कहना था कि हमारे देश में ये क्या हो रहा है। इतने दिन से सड़क बंद है, लेकिन कोई कुछ नहीं कर रहा। उस युवक ने अपना नाम कपिल गुर्जर बताते हुए कहा, हमारा देश हिंदू राष्ट्रवादी क्षेत्र है।
दूसरी ओर इस घटना के बाद खुफिया एजेंसी भी सतर्क हो गई। एजेंसी ने अपने स्तर पर आरोपी युवक के बारे में पता लगाया। कपिल बैंसला ने 15 जनवरी 2017 को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डाली थी।इसमें सीपी सिंह नाम के व्यक्ति को टैग किया गया था। उसके नीचे लिखा था...मायावती के इस महादांव की पूरी कहानी, जिससे सपा, कांग्रेस व भाजपा की उड़ी नींद। 18 जनवरी को डाली गई पोस्ट में एक न्यूज पोर्टल का हवाला देते हुए लिखा था कि बसपा का आईटी सेल भी कमाल का काम कर रहा है। वरना सोशल मीडिया में तो भाजपा का आईटी सेल ही नजर आता है।
इसके बाद 23 जनवरी को एक अन्य पोस्ट डाली गई। इसमें बसपा के नरेश जाटव को टैग कर कपिल ने लिखा, ‘यूपी मांगे मायावती’। 18 जनवरी को उसने बहनजी के जन्मदिवस की पोस्ट भी डाली थी। 22 जनवरी की पोस्ट में उसने एक टीवी डिबेट का स्क्रीन शॉट डाला। इसमें लिखा था, मायावती का अखिलेश यादव को करारा जवाब। दो फरवरी 2017 को कपिल ने राकेश कन्नौजिया नाम के शख्स को टैग एक और पोस्ट डाली। इसमें यूपी चुनाव को लेकर एक न्यूज चैनल द्वारा दिखाए जा रहे ओपेनियन पोल का जिक्र किया गया था। उसी साल दो फरवरी को कपिल बैंसला ने मायावती फैन ग्रुप को लेकर डाली पोस्ट में एक रैली का फोटो शेयर किया था। वह मेरठ की महारैली थी, जिसे मायावती ने सम्बोधित किया था। दिल्ली पुलिस इस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। रविवार शाम तक इस मामले में नया खुलासा होने की संभावना है।