4 ओवर, 14 रन और 5 विकेट। ये है एक गेंदबाज के करियर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी जिसके आगे वर्ल्ड चैंपियन टीम बेबस नजर आई और करारी हार का मुंह देखना पड़ा।
दुबई में 3 मैचों की सीरीज के खेले गए पहले टी-20 मैच में पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को बेहद आसानी से हरा दिया। पाक टीम ने यह मैच 34 गेंद शेष रहते 9 विकेट से जीत लिया।
लेफ्ट ऑर्म स्पिनर इमाद वसीम की जोरदार फिरकी के कारण वेस्टइंडीज की टीम अपनी पारी में फिरकी लगाती दिखी और 19.5 ओवर में 115 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से सिर्फ 2 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके जिसमें ड्वेन ब्रॉवो की शानदार अर्धशतकीय पारी शामिल है।
ब्रॉवो ने अगर 55 रनों की पारी नहीं खेली होती तो कैरेबियाई टीम की हालत और खराब रहती। उन्होंने अपनी चौथी अर्धशतकीय पारी में 4 चौके के अलावा 2 छक्के भी जड़े। उनके अलावा 10वें नंबर के बल्लेबाज जीरोम टेलर ने 21 गेंदों में 21 रन ठोक दिए जिसमें 2 चौका और एक छक्का शामिल है। इन दोनों के अलावा 9 बल्लेबाज दहाई का स्कोर भी नहीं कर सके। इन नाकाम 9 बल्लेबाजों में से 7 तो 5 से भी ज्यादा स्कोर नहीं कर पाए।
इमाद ने विंडीज पारी का पहला ओवर डाला और पांचवीं गेंद पर विकेट झटक लिया। इसके बाद विकेटों का पतन शुरू हो गया और 8 विकेट 48 रन पर ही गिर गए। नौंवें विकेट के लिए विंडीज की ओर से ब्रॉवो और जीरोम टेलर ने 66 रनों की साझेदारी कर टीम को 100 के पार पहुंचा दिया। इमाद के 5 विकेट के अलावा सोहैल तनवीर ने 2 और मोहम्मद नवाज और हसन अली को 1-1 सफलता मिली।