भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और विश्व कप विजेता खिलाड़ी गौतम गंभीर ने भारत को जीत का दावेदार बताया है। गंभीर ने कहा कि इस मैच में बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम पर भारी दबाव होगा।
भारत और पाकिस्तान दो साल के अंतराल के बाद एक बार फिर से क्रिकेट के मैदान में आमने-सामने होंगे। दोनोंं टीमें आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-बी के शुरुआती मुकाबले में भिड़ेंगी। यूएई में दो महीने बाद होने वाले क्रिकेट के इस महामुकाबले का सभी क्रिकेट फैन को इंतजार है। आईसीसी द्वारा हाल ही में जारी हुए शेड्यूल के मुताबिक दोनों प्रतिद्वंदी 24 अक्तूबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दो-दो हाथ करेंगे।
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दो चिर-प्रतिद्वंदी टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले के रोचक होने की पूरी उम्मीद है। हालांकि आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी है। टी-20 क्रिकेट में टीम इंडिया हमेशा पाकिस्तान पर भारी पड़ी है। शायद यही कारण है कि भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और विश्व कप विजेता खिलाड़ी गौतम गंभीर ने इस मुकाबले के लिए भारत को जीत का दावेदार बताया है।
गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो 'गेम प्लान' में बात करते हुए कहा कि इस मैच में बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम पर भारी दबाव होगा। उन्होंने वर्ल्ड कप में भारत के आंकड़े का हवाला देते हुए अपनी बात को रखा। गंभीर ने कहा कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत अजेय रहा है, इस वजह भारत की तुलना में पकिस्तान पर अधिक दबाव होगा।
विज्ञापन
गंभीर ने कहा, 'मौजूदा समय पाकिस्तान के मुकाबले भारत बेहद मजबूत टीम है, हां लेकिन टी-20 क्रिकेट में कोई भी किसी को भी हरा सकता है। उन्होंने कहा कि हम किसी को हल्के में नहीं ले सकते हैं। अफगानिस्तान जैसी टीम बड़ा उलटफेर कर सकती हैं, ऐसा ही पाकिस्तान के साथ भी है, बावजूद इसके पाकिस्तान पर दबाव रहने वाला है।