दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज की टी-20 वर्ल्ड कप 2021 से हार के साथ विदाई हो गई है। गत विजेता वेस्टइंडीज सुपर 12 स्टेज के ग्रुप ए में पांच में से चार मुकाबले हारकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। शनिवार को उसे अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के हाथों आठ विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी।
वेस्टइंडीज की टी-20 वर्ल्ड कप से विदाई के साथ ही टीम के दो दिग्गज खिलाड़ियों की भी विदाई हो गई। टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल और स्टार ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इनमें ब्रावो ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से एक दिन पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर दी थी लेकिन क्रिस गेल की तरफ से अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं कहा गया है।
मैच के बाद हालांकि दोनों खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलियाई टीम द्वारा मैदान में ही गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके अलावा मैदान में मौजूद दर्शकों ने भी उनका तालियों से स्वागत किया।
टी-20 में सर्वाधिक रन और शतक बनाने वाले क्रिस गेल की वजह से वेस्टइंडीज की टीम दो बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में सफल रही। लेकिन इस बार गेल का बल्ला खामोश ही रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी मैच में भी उन्होंने 9 गेंदों में 15 रन बनाए और कमिंस की गेंद पर आउट हुए। आउट होने के बाद गेल ने स्टेडियम के चारों तरफ अपना बल्ला घुमाया। इसे देखते हुए दिग्गज क्रिकेटर और मौजूदा कंमेंटेटर इयान बिशप ने ऑन एयर कहा, 'यह शायद आखिरी बार है जब आप गेल को वेस्टइंडीज की जर्सी में देख रहे हैं। उनके साथी उनका अभिवादन कर रहे हैं।'
बिशप ने गेल को वेस्टइंडीज और विश्व क्रिकेट का बड़ा सेवक बताया और उनकी उपलब्धियों को गिनाते हुए जमकर तारीफ की।
42 वर्षीय क्रिस गेल ने 103 टेस्ट, 301 वनडे और 79 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले, इसमें उन्होंने तीनों प्रारूपों में क्रमशः 7215, 10480 और 1899 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 259 अंतरराष्ट्रीय विकेट भी अपने नाम किए।
विदाई मैच में ब्रावो का चैंपियन डांस
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का यह अंतिम मैच था। पारी के ब्रेक के दौरान साथी खिलाड़ियों ने उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। मैच के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर के साथ अपना चैंपियन डांस भी किया। मैदान में चक्कर लगाकर दर्शकों का भी समर्थन के लिए आभार जताया।
मैच से पहले ही उन्होंने घोषणा कर दी थी कि टी20 विश्व कप के बाद वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। इस मैच में उन्होंने दस रन बनाए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। विंडीज का अभियान सुपर 12 के पांच मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ खत्म हुआ। एजेंसी
जब तक मेरा शरीर मुझे अनुमति देगा, मैं कुछ और वर्षों तक फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलना जारी रखूंगा।
-ड्वेन ब्रावो
...तो गेल हुए सेमी रिटायर
गेल ने संभवत: टी20 विश्व कप में अपना अंतिम मैच खेल लिया है। गेल ने 15 रन की पारी के बाद बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन किया। गेल ने मार्श के रूप में एक विकेट भी लिया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेल घरेलू दर्शकों के सामने विदाई लेना चाहते हैं। मैच से पहले कहा कि सेमी रिटायर हो रहा हूं। बाद में कहा कि यह मेरा अंतिम विश्व कप मैच हो सकता है। मैं तो एक और विश्व कप भी खेलना चाहता हूं पर वे मुझे अनुमति नहीं देंगे।
मेरा अद्भुत कॅरिअर रहा है, मैंने रिटायरमेंट की घोषणा नहीं की है लेकिन यदि मुझे जमैका में घरेलू दर्शकों के सामने मैच खेलने का मौका मिलेगा तो मैं कहूंगा, बहुत-बहुत शुक्रिया।
-क्रिस गेल