भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को जिम्बाब्वे और श्रीलंका दौरे पर दमदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने उन्हें जुलाई के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में नामित किया है। वहीं, महिला टीम से स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा को इस अवॉर्ड के लिए चुना गया है। दोनों ने हाल ही में श्रीलंका की मेजबानी में हुए महिला एशिया कप में अपनी छाप छोड़ी थी।
पिछले कुछ समय से चोटों से जूझने के बाद सुंदर वापसी करने में कामयाब हुए और उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। सुंदर युवा भारतीय टीम का हिस्सा थे जिसने पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का दौरा किया था। टी20 विश्व कप जीत के बाद नियमित खिलाड़ियों का आराम दिए जाने पर 24 वर्षीय खिलाड़ी को टीम में जगह मिली और वह टीम के प्रमुख स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में उभरे। सुदंर के अलावा तेज गेदंबाज गस एटकिंसन और चार्ली कैसल को भी नामित किया गया है।
सुदंर का प्रदर्शन
सुंदर ने पहले टी20 मैच में भारत की अप्रत्याशित हार के दौरान प्रभावित किया। उन्होंने 11 रन देकर दो विकेट चटकाने के लिए 27 रन भी बनाए लेकिन टीम 115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 13 रन से हार गई। इस युवा ऑलराउंडर ने भारत की वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बाकी बचे चार मैच में छह विकेट चटकाए और भारत को 4-1 से सीरीज जिताने में मदद की। तीसरे मैच में 15 रन देकर तीन विकेट चटकाने के लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया। संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट (आठ) लेने के लिए सुंदर को श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।
मंधाना और शेफाली को भी नामित किया गया
वहीं, महिला टीम से स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा को चुना गया है। मंधाना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाए थे। इसके अलावा महिला एशिया कप में भी उनका बल्ला जमकर गरजा था। वहीं, शेफाली वर्मा ने भी पिछले महीने श्रीलंका में खेले गए टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया था। यही वजह है कि दोनों को जुलाई के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में नामित किया गया है। इसके अलावा श्रीलंका की चामरी अट्टापट्टू को भी आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए नॉमिनेट किया गया है।