स्कॉटलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के टी20 विश्व कप मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श चर्चा में हैं। टी20 विश्व कप के सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई कर चुके ऑस्ट्रेलिया को यह सुझाव मिले हैं कि उन्हें स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के नतीजों में कुछ हेरफेर करना चाहिए, ताकि डिफेंडिंग चैंपियंस इंग्लैंड विश्व कप से बाहर हो जाए। हालांकि, अब इसको लेकर आईसीसी ने कप्तान मिचेल मार्श को चेतावनी दी है कि अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम को कुछ हेरफेर करते हुए पाया जाता है तो मार्श को सुपर-8 राउंड के दौरान दो मैचों के लिए बैन किया जाएगा।
पेन चाहते हैं हेरफेर करे ऑस्ट्रेलियाई टीम
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन चाहते हैं कि मिचेल मार्श एंड कंपनी स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने अंतिम ग्रुप मैच में कुछ 'हेरफेर' करे ताकि इंग्लैंड की टीम आगे का रास्ता तय नहीं कर सके। उन्होंने कहा था, 'निश्चित तौर पर कंगारुओं को नतीजे में हेरफेर करना चाहिए और मैं मजाक भी नहीं कर रहा हूं। मैंने पिछले कुछ दिनों में लोगों से इस बारे में बात की है। मैं इसको लेकर गंभीर हूं।'
इंग्लैंड पर मंडरा रहा बाहर होने का खतरा
ग्रुप बी में इंग्लैंड सिर्फ एक अंक और -1.800 नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर है। उनके पास दो और मैच बाकी हैं। यहां तक कि अगर वे अपने दोनों मैच जीतते भी हैं, तो भी वह स्कॉटलैंड से आगे नहीं निकल सकते, जो पांच अंकों और +2.164 एनआरआर के साथ दूसरे स्थान पर है। सुपर-8 में पहुंचने के लिए जोस बटलर एंड कंपनी को न केवल अपने शेष दोनों मैच भारी अंतर से जीतने होंगे, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि ऑस्ट्रेलिया स्कॉटलैंड को बड़े अंतर से हरा दे। अगर स्कॉटलैंड के हार का अंतर 10-20 रन का होता है तो भी इंग्लिश टीम बाहर हो जाएगी।
पेन ने बताया कैसे हेरफेर सकती है कंगारू टीम
पेन ने स्पष्ट किया कि वह नहीं चाहते कि ऑस्ट्रेलिया मैच हारे बल्कि इंग्लैंड के बाहर होने के लिए इसे काफी करीब बना दे। उन्होंने कहा, 'आपको मैच हारने की ज़रूरत नहीं है। मुझे लगता है कि वे स्कॉटलैंड को काफी करीब ला सकते हैं। मान लीजिए कि स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी की और 140 रन बनाए और हमने 19.5 ओवर में इसका पीछा किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें नेट रन रेट में बड़ा नुकसान न हो।'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि स्कॉटलैंड के नेट रन रेट से आगे निकलने के लिए इंग्लैंड को अपने दोनों मैच लगभग 50 रन से ऊपर के अंतर से जीतने होंगे। इसलिए यह निश्चित तौर पर संभव है कि आप मैच जीत सकते हो, लेकिन यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि इंग्लैंड की टीम आगे नहीं बढ़े।
हेजलवुड ने भी दिए थे संकेत
यहां तक कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने भी यही सुझाव दिया था। उन्होंने कहा था, 'इस टूर्नामेंट में आपको फिर किसी स्तर पर इंग्लैंड के खिलाफ खेलने की संभावना है। दिन होने पर यह टीम किसी भी बड़ी टीम को हरा सकती है और कोई भी स्कोर चेज कर सकती है। हमने टी20 क्रिकेट में उनके खिलाफ कुछ संघर्ष किया है। इसलिए अगर हम उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर सकते हैं तो यह हमारे हित में है और शायद हर किसी के लिए।
मार्श पर हो सकती है कार्रवाई
अब यह बात सामने आई है कि अगर मार्श नतीजों में हेरफेर करने की कोशिश करते हैं तो उन्हें आईसीसी के प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है। मार्श को दो मैचों के लिए बैन किया जाएगा। इस स्थिति में मार्श पर आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.11 के उल्लंघन का आरोप लगेगा। यह अनुच्छेद अनुचित रणनीतिक या सामरिक कारणों से खेल में हेरफेर को रोकने के लिए है। जैसे कि जब कोई टीम जानबूझकर आईसीसी इवेंट में पूल मैच हार जाती है ताकि उस आईसीसी इवेंट में अन्य टीमों की स्थिति को प्रभावित किया जा सके।