ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज इयान हीली ने पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क की तेज गेंदबाजों की तिकड़ी को विराट कोहली के सामने वाले पैड को निशाना बनाने कहा है। हीली ने साथ ही कहा कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान कोहली के शरीर को निशाना बनाकर गेंदबाजी करने की भी सलाह दी।
ऑस्ट्रेलिया में कोहली का रिकॉर्ड
कोहली हाल के दिनों में भले ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं, लेकिन उनका ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड बेहतर है। उन्होंने 13 मैचों में 54.08 के औसत से 1352 रन बनाए हैं। कोहली ने इस दौरान छह शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं। इतना ही नहीं वह 2011-12 और 2014-15 दौरे पर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक सीरीज में कोहली का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2014-15 दौरा रहा था जब उन्होंने चार मैचों में 86.50 के औसत से 692 रन बनाए थे जिसमें चार शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 22 नवंबर से पर्थ में खेला जाना है। हीली ने कमिंस, हेजलवुड और स्टार्क की मजबूत ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों की तिकड़ी से कोहली पर दबाव बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, हमारे तेज गेंदबाजों को विराट कोहली के फ्रंट पैड को लगातार निशाना बनाना चाहिए। वह फ्रंट फुट का काफी इस्तेमाल करते हैं और वहां से गेंद को कही भी खेल सकता है। वह फ्रंट फुट के इस्तेमाल से गेंद को ऑफ साइड के स्क्वायर के साथ लेग साइड में भी खेल सकते हैं। उनके पास इस तरह की गेंदों पर रक्षात्मक रवैया अपनाने की भी क्षमता है। वह लय हासिल करने के लिए आतुर होगा और हमारे गेंदबाजों शायद फ्रंट पैड को निशाना बना सकते हैं। अगर यह योजना कारगर नहीं होती है तो उन्हें कोहली के शरीर को निशाना बनाकर गेंदबाजी करनी चाहिए।
हीली ने कहा कि हमारे गेंदबाजों को हालांकि इस रणनीति को ज्यादा लंबे समय तक इस्तेमाल करने से बचना चाहिए क्योंकि इससे वह हमारी योजना को समझ जाएंगे। उन्होंने कहा, उन्हें हर गेंद पर ऐसा नहीं करना चाहिए क्योंकि कोहली इसके आदी हो जाएंगे। इस तरह की गेंदबाजी में शॉट लेग पर क्षेत्ररक्षक रखकर उस पर दबाव बनाना चाहिए। वह ऐसे में दबाव से निपटने के लिए पुल शॉट का इस्तेमाल करेंगे जिसे नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है।