कमिश्नर अमिताभ गुप्ता ने बदले थे वॉलेट
उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ एक गवाह गौरव मेहता, जो सारथी एसोसिएट्स नामक एक ऑडिट फर्म का कर्मचारी है। दो दिन पहले उसने मुझे 4-5 घंटे तक कई बार फोन किया, लेकिन मैंने कोई जवाब नहीं दिया। जब मैनें उसका फोन उठाया तो उसने मुझे बताया कि 2018 में क्रिप्टोकरेंसी घोटाले में जब अमित भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया था, उसके पास एक क्रिप्टोकरेंसी हार्डवेयर वॉलेट था। उस वॉलेट को तत्कालीन कमिश्नर अमिताभ गुप्ता ने बदल दिया था और दूसरा वॉलेट रख लिया था। मामले में हमें गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन असली अपराधी अमिताभ गुप्ता और उनकी टीम थी।
पूर्व आईपीएस ने कहा कि गवाह गौरव मेहता ने दो आईपीएस अधिकारियों अमिताभ गुप्ता और भाग्यश्री नवटके का नाम लिया था। उसने बारामती से एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का भी नाम लिया था। दोनों क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी से जुड़ी बिटकॉइन मनी का विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका इस्तेमाल लोकसभा चुनावों के दौरान भी महाराष्ट्र में फंडिंग के लिए किया गया था।
भाजपा ने कहा- क्या एमवीए ने बिटकॉइन से पैसा लिया
पूर्व आईपीएस के आरोपों के बाद भाजपा ने महाविकास अघाड़ी को घेरा। भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आरोपी डीलर एक पूर्व पुलिस अधिकारी से संपर्क करता है जो कुछ आरोपों के कारण पहले जेल जा चुका है और उसे बताता है कि वह बिटकॉइन के कुछ लेन-देन नकद में करना चाहता है। पुलिस अधिकारी उसके अनुरोध को अस्वीकार कर देता है। लेकिन डीलर उसे समझाने की कोशिश करता है कि इस मामले में कुछ बड़े लोग शामिल हैं और वह कथित तौर पर नाना पटोले और सुप्रिया सुले का नाम लेता है। जब पुलिस अधिकारी इस पर कोई भरोसा नहीं दिखाता है, तो डीलर उसे ऑडियो क्लिप भेजता है। डीलर के दावों के अनुसार उन ऑडियो क्लिप में चुनाव के लिए पैसे की जरूरत का जिक्र है। अब हम कांग्रेस से पांच सवाल पूछना चाहते हैं। पहला क्या आप बिटकॉइन लेनदेन में शामिल हैं? दूसरा क्या आप गौरव गुप्ता या मेहता नाम के इस व्यक्ति के संपर्क में हैं? तीसरा, चैट आपके नेताओं की हैं या नहीं? चौथा ऑडियो क्लिप में ऑडियो आपका है या नहीं? पांचवां 'बड़े लोग' कौन हैं?
सुप्रिया सुले ने की शिकायत
पूर्व आईपीएस की ओर आरोप लगाए जाने के बाद एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने शिकायत दर्ज कराई है। सुप्रिया सुले ने पूर्व आईपीएस रवींद्रनाथ पाटिल और गौरव मेहता के खिलाफ चुनाव आयोग और साइबर क्राइम आयोग से शिकायत की है। सुप्रिया सुले ने कहा कि मतदान के दिन से एक रात पहले मतदाताओं को गुमराह करने के लिए गलत जानकारी फैलाने के जाने-पहचाने हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।