राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। रियान ने 95 रन बनाए जो टी20 क्रिकेट में उनका सर्वेच्च स्कोर है। रियान की शानदार पारी के बावजूद राजस्थान जीत हासिल नहीं कर सकी और उसे रोमांचक मुकाबले में एक रन से हार का सामना करना पड़ा। केकेआर ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और आंद्रे रसेल की तूफानी पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में राजस्थान के लिए कप्तान रियान पराग ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 71 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद रियान पराग ने शिमरॉन हेटमायर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी की और टीम को मुश्किल से उबारा। इस साझेदारी को हर्षित राणा ने हेटमायर को आउट कर तोड़ा जो 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके कुछ देर बाद हर्षित ने रियान को भी अपना शिकार बनाया। रियान शतक पूरा नहीं कर सके और 95 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
ये भी पढ़ें: KKR vs RR: केकेआर ने आईपीएल में दूसरी बार एक रन से दर्ज की जीत, 2019 से पहली बार घर में राजस्थान को हराया
रियान ने छह गेंदों पर लगाए छह छक्के
रियान ने इस दौरान छह गेंदों पर लगातार छह छक्के लगाए। रियान ने एक ओवर में छह छक्के नहीं लगाए, लेकिन लगातार छह छक्के लगाने में सफल रहे। रियान ने 13वां ओवर डालने आए स्पिनर मोईन अली को निशाना बनाया। मोईन के इस ओवर की पहली गेंद पर शिमरॉन हेटमायर ने एक रन लिया और स्ट्राइक रियान के पास आई। रियान ने लगातार चार गेंदों पर छक्क लगाया और पांचवीं गेंद वाइड हुई। रियान ने मोईन के ओवर की अंतिम गेंद पर भी छक्का जड़ा। इसके बाद 14वां ओवर डालने वरुण चक्रवर्ती आए और पहली गेंद पर हेटमायर एक रन लिया। फिर स्ट्राइक रियान के पास थी और उन्होंने वरुण की गेंद पर छक्का लगाया। इस तरह रियान ने लगातार छह गेंदों पर छह छक्के जड़े।
महंगे साबित हुए मोईन
केकेआर ने राजस्थान के खिलाफ मुकाबले के लिए ऑलराउंडर मोईन अली को प्लेइंग-11 में शामिल किया था। मोईन ने मैच में दो विकेट लिए, लेकिन वह महंगे भी साबित हुए। मोईन के ओवर से 32 रन आए जो इस आईपीएल सीजन का दूसरा सबसे महंगा ओवर है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में सबसे महंगा ओवर डालने का अनचाहा रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खलील अहमद के नाम है जिन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ एक ओवर में 33 रन लुटाए।