चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 48 गेंदों में 94 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी इस पारी से बचपन के कोच प्रशांत शेट्टी प्रभावित हुए। उन्होंने इसका श्रेय सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी को दिया।
'हसी ने की म्हात्रे की मदद'
म्हात्रे की 195.83 की स्ट्राइक रेट से नौ चौके और पांच छक्कों से सजी पारी ने मैच का रुख लगभग पलट दिया और दबाव में उनके संयम ने सभी का ध्यान खींचा। शेट्टी के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बैकरूम स्टाफ, विशेषकर बल्लेबाजी कोच माइकल हसी के लगातार समर्थन ने म्हात्रे के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
म्हात्रे के बचपन के कोच प्रशांत शेट्टी ने पीटीआई से कहा- सीएसके शिविर में माहौल बहुत अच्छा है। सभी स्टाफ उसका बहुत समर्थन करते हैं, विशेषकर (माइकल) हसी। वह अभ्यास में आयुष के साथ नियमित रूप से काम करते हैं और उसे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आयुष की बहुत मदद की है। साथ ही महेंद्र सिंह धोनी के शब्द इतने प्रेरणादायी होते हैं। वह सभी का समर्थन करते हैं।
आईपीएल नीलामी में नहीं मिला कोई खरीददार
मुंबई के इस युवा खिलाड़ी को आईपीएल नीलामी में कोई खरीददार नहीं मिला था लेकिन सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद उन्हें पहली बार टीम में शामिल किया गया। म्हात्रे ने इस मौके का फायदा उठाते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने पदार्पण मैच में 15 गेंद पर 32 रन बनाए थे। वह चार आईपीएल मैचों में 163 रन बना चुके हैं। शेट्टी ने कहा- जिस स्ट्राइक रेट से उसने बल्लेबाजी की, वह इस पारी को ख़ास बनाता है। मुझे खुशी है कि उसने कल जिम्मेदारी ली और लगभग मैच जीत ही लिया। यह पारी उसकी बहुत मदद करेगी क्योंकि जब आप टीम के लिए खेलते है, तो आपको उस जिम्मेदारी को निभाना होता है और मैच विजेता बनना होता है। तभी फ्रेंचाइजी आपको लगातार मौके देगी।