बांबे हाईकोर्ट ने बीसीसीआई को पुणे में एक मई को राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले कराने की अनुमति दे दी है। इससे कुछ दिन पहले ही अदालत ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए 30 अप्रैल के बाद होने वाले आईपीएल के सभी मैच सूखाग्रस्त महाराष्ट्र से बाहर कराने का फैसला दिया था।
न्यायमूर्ति वीएम कनाडे और एमएस कर्णिक की खंडपीठ यह अनुमति बीसीसीआई महाप्रबंधक (खेल विकास) रत्नाकर शेट्टी की याचिका पर दी। उन्होंने कोर्ट से अपील की थी कि बीसीसीआई को एक मई को मैच पुणे में ही कराने की अनुमति दी जाए।
हाईकोर्ट ने 12 अप्रैल को फैसला दिया था कि 30 अप्रैल के बाद महाराष्ट्र में होने वाले आईपीएल के सभी मैच ट्रांसफर कर दिए जाएं। इसके बाद 13 मैच अन्य राज्यों को ट्रांसफर किए गए। शेट्टी ने याचिका में एक मई को होने वाला मैच पुणे में ही कराने की अनुमति मांगी थी और दलील दी थी कि एक दिन के भीतर मैच कहीं और कराने का बंदोबस्त संभव नहीं था।
पुणे को 29 अप्रैल को गुजरात लायंस के खिलाफ पुणे में खेलना है और बीसीसीआई और पुणे फ्रेंचाइजी के लिए एक मई को महाराष्ट्र के बाहर मैच शिफ्ट करना संभव नहीं था क्योंकि एक दिन में सारे इंतजाम नहीं किए जा सकते। कोर्ट ने बीसीसीआई की दलीलें सुनने के बाद अनुमति दे दी लेकिन कहा कि यह अपवाद है।