महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर को लगता है कि गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पंड्या इस सत्र में अनुशासित बल्लेबाजी कर रहे हैं और मैदानी पाबंदियों का अच्छे से इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे उनके खेल का स्तर ऊंचा हुआ है। बड़ौदा के स्टार आलराउंडर पंड्या ने शानदार तरीके से टीम की अगुआई की है और अपनी जिम्मेदारी भरी पारियों से कई मौकों पर टीम को हार से बचाया भी है। इस ऑलराउंडर ने गेंदबाजी में भी योगदान दिया है और वह टाइंटस के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक हैं।
पंड्या को 2019 में अपनी पीठ की सर्जरी के बाद गेंदबाजी करने में परेशानी आ रही थी। भारत के लिए वह अंतिम बार पिछले साल आठ नवंबर को दुबई में टी20 विश्वकप में नामीबिया के खिलाफ खेले थे।
गावस्कर ने कहा, ‘हार्दिक आईपीएल से पहले ज्यादा क्रिकेट नहीं खेले थे क्योंकि वह चोट के कारण हुई सभी समस्याओं के बाद पूरी तरह से फिट होने की कोशिश कर रहे थे। अब देखिए वह अपनी बल्लेबाजी में कितना अनुशासन दिखा रहे हैं। वह पावरप्ले में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और मैदान की पांबदियों का पूरा फायदा उठा रहा है, वह मैदान में भी काफी बेहतर कर रहे हैं।’ पूर्व भारतीय कप्तान गावस्कर ने कहा, ‘अब वह सोच-समझ कर खेल रहे हैं और एक बार ऐसा होता है तो आपके खेल का स्तर ऊंचा ही होता है।’ पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा कि पंड्या ने अपने मार्गदर्शक महेंद्र सिंह धोनी से सही सबक सीखा है।
चोपड़ा ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हार्दिक एमएस धोनी को अपना ‘मेंटोर’ मानता है, वह उनके काफी करीब है। वह जिस नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और वह जो भूमिका निभाते हैं, कोई भी सीमित ओवरों की क्रिकेट के इतिहास में धोनी से बेहतर नहीं खेला है। ’ उन्होंने कहा, ‘ उन्होंने धोनी से सही सबक सीखा है। जब आप महान खिलाड़ी से जुड़े होते हो तो हम उनसे कुछ सीखने की कोशिश करते हैं और कुछ सीखते हैं जिससे हमारी जिंदगी सुधर जाती है। हार्दिक के साथ हम यही देख रहे हैं।’