उन्होंने कहा, 'ऐसा होता है...मैंने पहले भी टेस्ट में देखा है। आपको चार या पांच विकेट जल्दी मिल जाते हैं और फिर एक साझेदारी हो जाती है। हमारी बल्लेबाजी लाइन-अप के साथ भी ऐसा कई बार हुआ है। यह खेल का एक हिस्सा है।'
गेंदबाजों के मुफीद हालात में भारतीय टीम पहली पारी में महज 107 रन बना सकी जिस पर पंड्या ने कहा कि वैसे हालात में इंग्लैंड की टीम को भी संघर्ष करना होता। उन्होंने कहा, 'उन परिस्थितियों में खेलना मुश्किल था क्योकिं हल्की बारिश हो रही थी और विकेट में नमी था। किसी भी टीम ने लगभग वही स्कोर बनाया होता।'
उन्होंने कहा, 'आज (शनिवार) परिस्थिति अलग थी। जब हम गेंदबाजी कर रहे थे तो धूप निकली थी। यह आदर्श स्थिति की तरह था, जैसा हम मैच के पहले दिन उम्मीद करते हैं।' भारतीय टीम मैच में कुलदीप यादव के रूप में अतिरिक्त स्पिन गेंदबाज के साथ उतरी जबकि जब परिस्थिति तेज गेंदबाजों के मुताबिक थी और ऐसा लगा की तीसरा तेज गेंदबाज टीम की मदद करता।
पंड्या ने कुलदीप को खिलाने के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा, 'जाहिर है इसके पीछे टीम प्रबंधन की कोई सोच रही होगी। अगर यह पांच दिनों का मैच होता तो स्पिनरों की भूमिका अहम होती। बारिश के कारण सबकुछ बदल गया।'