पंजाब की खराब शुरुआत
हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पंजाब को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। पहले ही ओवर में मोहम्मद शमी ने प्रभसिमरन सिंह को शून्य पर पवेलियन भेज दिया। हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में नाबाद 99 रन की पारी खेलने वाले कप्तान शिखर धवन आज नहीं चले। उन्हें जोशुआ लिटिल ने आठ रन पर आउट किया। ऑस्ट्रेलियाई बिग बैश लीग में धूम मचाकर आ रहे मैथ्यू शॉर्ट ने पावरप्ले में छह चौके और एक छक्का लगाया, जिसके चलते पंजाब ने छह ओवर में 52 रन बनाए, लेकिन सातवें ओवर में राशिद खान ने आते ही शॉर्ट को 36 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया।
राजपक्षे की धीमी पारी ने पंजाब का खेल बिगाड़ा
तीन विकेट गिरने के बाद रनों की गति जरूर धीमी हो गई, लेकिन जितेश शर्मा ने भानुका राजपक्षे के साथ 37 रन की साझेदारी की। यहां मोहित शर्मा ने जितेश को 25 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। राजपक्षे भी 26 गेंद में बेहद धीमे 20 रन बनाकर आउट हुए। सैम करन और शाहरुख खान ने अंत में कुछ अच्छे हाथ दिखाए, जिससे पंजाब 153 पर पहुंचा। शाहरुख खान नौ गेंद में 22 रन बनाकर रन आउट हुए। वहीं, सैम करन को मोहित ने आउट किया।
मोहित शर्मा 2020 के बाद पहली बार आईपीएल में कोई मैच खेले। वहीं, गुजरात टाइटंस के लिए वह पहली बार खेल रहे थे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर दो विकेट लिए। उनके अलावा गुजरात के सभी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला।
गुजरात की शानदार शुरुआत
154 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल की जोड़ी ने गुजरात को शानदार शुरुआत दी। गिल एक छोर संभालकर खेले और साहा ने तेजी से रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। कगिसो रबाडा ने साहा को मैथ्यू शॉर्ट के हाथों कैच करा आईपीएल में अपने 100 विकेट पूरे किए। साहा 19 गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन उनकी पारी के चलते गुजरात ने पावरप्ले में 56 रन जोड़े।
शुभमन गिल ने साई सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी कर पारी को आगे बढ़ाया। इन दोनों ने धीमी बल्लेबाजी की, लेकिन विकेट बचाकर रखे और रन गति भी बहुत कम नहीं होने दी। साई सुदर्शन 20 गेंद में 19 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या भी 11 गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो गए।
अंत में शुभमन गिल और डेविड मिलर गुजरात को जीत की दहलीज पर ले गए, लेकिन आखिरी ओवर में सैम करन ने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड कर मैच में रोमांच ला दिया। गिल 49 गेंद में सात चौके और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाकर आउट हुए। आखिरकार राहुल तेवतिया ने चौका लगाकर गुजरात को एक गेंद रहते जीत दिलाई। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह, कगिसो रबाडा, हरप्रीत बराड़ और सैम करन ने एक-एक विकेट लिया।