पिछले 24 घंटे में भले ही भारतीय टीम के दो विदेशी दौरे रद्द हो चुके हो, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी आ रही है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने शुक्रवार को कहा कि जिन खेल स्टेडियमों में 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है, उन स्टेडियमों को अगले महीने से 10 हजार दर्शकों के साथ मैच की अनुमति दे दी जाएगी। यानी स्टेडियम की 25 फीसदी क्षमता मैच देखने आ सकती है।
यह अक्तूबर में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं, बिना दर्शकों के रेवेन्यू का नुकसान तो होना ही था और खिलाड़ी भी इस तरह से खेलने को लेकर बहुत उत्साहित नहीं थे। इसके अलावा भारत को भी साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दर्शकों की मौजूदगी में सीरीज खेलने का मौका मिल सकता है। देश में खेलों की वापसी को लेकर कैबिनेट बैठक के बाद यह बदलाव खेल प्रतियोगिताओं, फेस्टिवल और कॉन्सर्ट पर लागू होंगे। जिस स्टेडियम की दर्शक क्षमता 40 हजार है, वहां शुरुआत में 10 हजार दर्शक (25%) ही आ सकेंगे।
मॉरिसन ने कहा, ‘इसके लिए बड़ा और खुला स्थान होना चाहिए। इसमें सीटें भी उचित दूरी पर होनी चाहिए। इसमें टिकट देने की जरूरत होगी ताकि लोग समझ सकें कि कितने लोग उस कार्यक्रम में मौजूद थे। अगले कुछ हफ्तों में इसके बारे में विचार किया जाएगा। बड़े स्टेडियमों के लिए हर स्थल पर राज्य के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी के साथ मिलकर काम किया जाएगा।'
उन्होंने कहा कि देश भर में मुख्य स्वास्थ्य अधिकारियों के सहयोग से इन स्थलों के लिए नियमों को बनाया जा रहा है। न्यूजीलैंड ने घोषणा की है कि उनके यहां कोविड-19 का कोई सक्रिय मामला नहीं है, ऑस्ट्रेलिया भी इस महामारी से कम प्रभावित वाले देशों में शामिल है और वहां अभी तक 7000 से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आये हैं।
गत विजेता भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत ब्रिसबेन से होगी, जहां पहला टेस्ट मैच 3 से 7 दिसंबर के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच एडिलेड में 11 से 15 दिसंबर के बीच और मेलबर्न 26 से 30 दिसंबर के बीच तीसरे टेस्ट होगा। चौथे और आखिरी टेस्ट की मेजबानी 3 से 7 जनवरी 2021 के बीच सिडनी करेगा। यह विदेशी सरजमीं पर भारत का पहला डे-नाइट टेस्ट भी होगा।