ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का कहना है कि रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की स्पिन जोड़ी इस साल के अंत में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का नतीजा तय करेगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है। 1992 के बाद यह पहली बार है जब दोनों टीमों के बीच पांच टेस्ट की सीरीज हो रही है।
हाल के दिनों में अश्विन और जडेजा ने ऑलराउंड प्रदर्शन से टेस्ट क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी है। अश्विन और जडेजा की जोड़ी ने बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत की जीत में अहम योगदान निभाया था। अश्विन ने 113 रनों की पारी खेली थी और पांच विकेट झटके थे, जबकि जडेजा ने 86 रन बनाने के अलावा दोनों पारियां मिलाकर पांच विकेट लिए थे। अश्विन और जडेजा ने मिलकर 330 पारियों में 821 विकेट झटके हैं जिसमें से 50 बार वे पांच विकेट झटक चुके हैं।
मैक्सवेल ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, मेरा मानना है कि लंबे समय तक अश्विन और जडेजा जैसे गेंदबाजों के खिलाफ खेलने के बाद ऐसा लगता है कि हमने लगातार इन दोनों का सामना किया है और अकसर उनके खिलाफ हमारा प्रदर्शन मैच का नतीजा तय करता है। अगर हम अश्विन और जडेजा के खिलाफ अच्छा खेलते हैं तो हम अच्छी स्थिति में होंगे। ये दोनों खिलाड़ी मेरे करियर में ज्यादातर समय गेंदबाजी करते रहे हैं।
मैक्सवेल को बुमराह को सराहा
मैक्सवेल हालांकि अब ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की योजना का हिस्सा नहीं हैं और 2017 में उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट खेला था। मैक्सवेल ने भारतीय तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह की भी प्रशंसा करते हुए कहा, मैं 2013 में मुंबई में आईपीएल में उनके पहले सत्र में वहां था और नेट्स में लगभग हर दिन जसप्रीत बुमराह का सामना करता था। वह तब युवा प्रतिभा था और अब उसे इस तरह शानदार तरीके से आगे बढ़ते हुए देखना अद्भुत है जो सभी तीनों प्रारूपों संभवत: सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं।