ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल चोटिल हो कर इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। मैक्सवेल मेलबर्न में एक बर्थडे पार्टी के दौरान टांग तुड़वा बैठे। शनिवार को उनकी सर्जरी हुई। बताया जा रहा है कि मैक्सवेल बर्थडे पार्टी के दौरान एक शख्स के पीछे दौड़ रहे थे और फिसल गए। उनके पैर अचानक से आपस में उलझ गए। हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि दोनों में से कोई भी नशे में नहीं था।
अब मैक्सवेल इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को शुरू हो रही वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। साथ ही उनके अब बिग बैश लीग का अगला सीजन खेलने के भी चांसेज कम हैं। बिग बैश में मैक्सवेल मेलबर्न स्टार्स से खेलते हैं। इसके साथ ही यह भी देखने वाली बात होगी कि अगले साल फरवरी से पहले वह रिकवर कर पाते हैं या नहीं। तब ऑस्ट्रेलिया को भारत का दौरान करना है।
मैक्सवेल के अब शेफिल्ड शील्ड में भी हिस्सा लेने की उम्मीद कम है। वह अब तक इस टूर्नामेंट में एक मैच भी नहीं खेल पाए हैं। शेफिल्ड शील्ड की शुरुआत दिसंबर में होने जा रही है। न ही मैक्सवेल अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया-ए टीम से खेल पाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई चयम समिति के हेड जॉर्ज बेली ने कहा कि मैक्सवेल फिलहाल ठीक हैं और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से चोटिल हुए। वह हमारे व्हाइट बॉल क्रिकेट के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑलराउंडर शॉन एबॉट को मैक्सवेल का रिप्लेसमेंट बनाया गया है। इससे पहले इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो का टखना बुरी तरह टूट गया था, जब वह गोल्फ खेलते हुए फिसल गए थे और इस पूरे साल के लिए टीम से बाहर हो गए थे। ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर जोश इंगलिस टी20 वर्ल्ड कप से एक दिन पहले गोल्फ खेलते हुए अपना हाथ बुरी तरह चोटिल कर बैठे थे।