स्पॉट फिक्सिंग को लेकर विवादों में फंसे बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन को लेकर एक ताजा खुलासा हुआ है।
चेन्नई सुपर किंग्स का मालिकाना हक रखने वाली कंपनी इंडिया सीमेंट ने एक बयान जारी कर बताया है कि गुरुनाथ मयप्पन टीम के सीईओ नहीं हैं। हालांकि मयप्पन को इंडिया सीमेंट ने मैनेजमेंट का हिस्सा बताया है।
इंडिया सीमेंट ने साथ ही कहा कि मयप्पन या कोई और अगर इस मामले में दोषी है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
मयप्पन को पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस ने बुलाया है। बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस की चार सदस्यीय टीम चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ मयप्पन से पूछताछ करने के मकसद से चेन्नई स्थिति उनके घर पहुंची तो वह नहीं मिले।
इसके बाद पुलिस ने मयप्पन के नाम समन जारी कर उन्हें मुंबई में जांचकर्ताओं के समक्ष शुक्रवार को उपस्थित होने का निर्देश दिया।